लखनऊ : विंग कमांडर हर्षित सिन्हा का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ

0

लखनऊ, 26 दिसम्बर (हि.स.)। राजस्थान जैसलमेर के पास भारतीय वायुसेना का एक मिग-21 लड़ाकू विमान शुक्रवार शाम दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इस हादसे में लखनऊ के पायलट विंग कमांडर हर्षित सिन्हा शहीद हो गए थे। रविवार को भैंसाकुंड घाट पर उनके परिजनों और सेना के अधिकारियों की मौजूदगी में नम आंखों से विदाई दी गई। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ।

चाचा शिशिर सिन्हा ने बताया कि शनिवार रात भतीजे का पार्थिव शरीर जैसलमेर से हवाई जहाज से बीकेटी एयर फोर्स स्टेशन लाया गया था। रविवार को अंतिम संस्कार के लिए विंग कमांडर का पार्थिव शरीर भैंसाकुंड लाया गया। शहीद को गार्ड आफ आनर देने के बाद सैन्य अधिकारियों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।

गोमतीनगर के कावेरी ग्रीन निवासी विंग कमांडर हर्षित ने वर्ष 1999 में एयर फोर्स ज्वॉइन किया था। उनके परिवार में पत्नी प्रियंका और दो बेटियां है। पत्नी ने आईआईएम से एमबीए किया हुआ और कुछ साल पहले नौकरी छोड़कर अपना समय परिवार को देती थी।
अभिनन्दन वर्धमान के बैचमेट थे हर्षित

विंग कमांडर हर्षित सिन्हा और अभिनंदन के बैचमेट होने के साथ ट्रेनिंग की थी। कई स्थानों पर एक साथ काम भी किया था। हर्षित वर्तमान में श्रीनगर में तैनात थे। इसके पहले वह जम्मू कश्मीर, भूज, सूरतगढ़ व अंबाला समेत अन्य स्थानों पर तैनात रह चुके हैं।

गौरतलब है कि, राजस्थान में पाकिस्तान सीमा से सटे जैसलमेर जिले के सम क्षेत्र में सुदासरी नेशनल डेजर्ट पार्क के पास शुक्रवार रात तकरीबन साढ़े आठ बजे लड़ाकू विमान मिग-21 गिर गया था। इससे धमाके के साथ उसमें आग लग गई थी। हादसे में पायलट विंग कमांडर हर्षित सिन्हा शहीद हो गए थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *