केंद्र सरकार ने हमारी मांग स्वीकार की, अब लोग कोरोना की गंभीरता समझकर वैक्सीनेशन करवाएं : गहलोत

0

जयपुर, 26 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि केंद्र सरकार ने हमारी मांग को स्वीकार किया है, अब लोग कोविड की गंभीरता समझकर वैक्सीनेशन करवाएं। शनिवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा पर सीएम गहलोत ने ट्वीट कर आमजन से यह अपील की।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने बूस्टर डोज और 15 से 18 साल के बच्चों के वैक्सीनेशन की घोषणा की है। पीएम मोदी की इस घोषणा के बाद सीएम गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार ने हमारी मांग को स्वीकार किया, अब लोग कोविड की गंभीरता समझकर वैक्सीनेशन करवाएं। साथ ही कोविड प्रोटोकॉल की पालना करें।

गहलोत ने ट्वीट कर लिखा कि विशेषज्ञों की राय के अनुसार हमने कई बार पत्र लिखकर प्रधानमंत्री से कोविड वैक्सीन की बूस्टर डोज और बच्चों की वैक्सीन के संबंध में दिशा निर्देश जारी करने की मांग की। मुझे प्रसन्नता है कि आज हमारी मांग को स्वीकार कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बूस्टर डोज और 15 साल से 18 साल तक के बच्चों के वैक्सीनेशन की घोषणा की है। गहलोत ने लिखा कि वैक्सीन और कोविड प्रोटोकॉल ही कोविड से लड़ने का तरीका है। मेरा विनम्र आग्रह है कि सभी लोग कोविड की गंभीरता समझकर वैक्सीनेशन करवायें और इस छुट्टियों के सीजन में कोविड प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *