अटल जी जैसे महापुरुषों के त्याग और समर्पण पर टिका है सेवा का आधार : गिरिराज सिंह

0

बेगूसराय, 25 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज जिस उत्साह एवं जुनून के साथ आम जनमानस के सेवा को समर्पित है, उसका आधार भारतरत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महापुरुषों के त्याग और समर्पण पर टिका हुआ है। यह बातें केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री-सह-बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के आदर्श एवं पथ प्रदर्शक भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जयंती के अवसर पर बेगूसराय नगर मंडल अध्यक्ष रुपेश गौतम की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कही।

गिरिराज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रारंभिक कालखंड से ही उनके संस्थापक सदस्यों ने जिस प्रकार से आम जनमानस से अपना जड़ाव रखा, उसका सुखद परिणाम है कि दो सांसदों से अपनी यात्रा शुरू करने वाली पार्टी आज पूर्ण बहुमत से विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की अगुवाई कर रही है। संवाद के बीच संभावनाओं को तलाशकर तीव्र गति से चौमुखी विकास को गति देने के साथ-साथ भारत के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रखर संरक्षक और संपादक की भूमिका में रहकर भारत के ऐतिहासिकता को गति देने के लिए हमेशा संकल्पित है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा मीडिया सेल के प्रदेश संयोजक बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार ने कहा कि जहां भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार है वहां ना केवल विकास धरातल पर सफलतापूर्वक क्रियान्वित हो रहा है, बल्कि वहां के सांस्कृतिक सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक सहित विभिन्न प्रकार का समावेशिक विकास भी हो रहा है। आज हम वाजपेयी जी की जयंती मना रहे हैं तो निश्चित तौर पर हम अपने संकल्पों को और अधिक प्रगाढ़ता प्रदान करते हुए यह संकल्प लेते हैं कि आने वाले दिनों में भारतीय जनता पार्टी को और अधिक ऊंचाई प्रदान करेंगे। उस ध्येय को पूरा करेंगे, जो हमारे संस्थापक सदस्यों ने अपने सपने में संजोया था।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने कहा कि आज बेगूसराय में विकास के बड़े-बड़े परियोजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है। इसके साथ ही बेगूसराय के ऐतिहासिकता को भी पुनर्जीवित कर राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान करने का काम किया जा रहा है। बेगूसराय पहले औद्योगिक राजधानी के रूप में प्रसिद्ध था, उसकी छवि को पूर्व की सरकारों ने जिस प्रकार से धूमिल किया है, वह बेगूसराय के साथ उनका सौतेला व्यवहार को दर्शाता है। लेकिन जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, बेगूसराय को उसकी ऐतिहासिकता के अनुरूप विकास की योजनाओं से जोड़ा है। बेगूसराय अपने आप को औद्योगिक राजधानी के रूप में स्वयं को परिलक्षित कर रहा है। जिससे ना केवल यहां रोजगार सृजन के अपार अवसर उत्पन्न होंगे, बल्कि चौमुखी विकास नई प्रगाढ़ता प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि आज बेगूसराय मे जिला भाजपा कार्यालय समेत तमाम मंडलों में अटल जी के जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *