इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के मुख्य सतर्कता अधिकारी ने किया बरौनी रिफाइनरी का दौरा
बेगूसराय, 24 दिसंबर (हि.स.)। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के मुख्य सतर्कता अधिकारी अनंत कुमार सिंह ने बरौनी रिफाइनरी के कर्मचारियों से किए जा रहे कार्यों पर लगातार खुद से सवाल करने पर बल देते हुए कहा है कि किसी भी तरह की अस्पष्टता से बचने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए अपने सिस्टम को मजबूत बनाने की जरूरत है। सीजीएम (सतर्कता) विनीत सिंघल के साथ बरौनी रिफाइनरी के दो दिवसीय दौरा पर आए अनंत कुमार सिंह ने कहा है कि इंडियन ऑयल के पास उद्योग में सबसे बेहतरीन प्रणालियां हैं, फिर भी हम हमेशा सिस्टम में निरंतर सुधार कर सकते हैं। बरौनी रिफाइनरी, बीकेपीएल, बरौनी मार्केटिंग टर्मिनल, डिवीजनल रिटेल सेल्स, डिविजनल एलपीजी सेल्स और एलपीजी बॉटलिंग प्लांट के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्रीय सतर्कता आयोग निवारक सतर्कता पर जोर देता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि निगमों के पास संपूर्ण सिस्टम हैं। हमें अच्छी तरह से परिभाषित एसओपी की आवश्यकता है और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि गलती या लापरवाही की किसी भी गुंजाइश को खत्म करने के लिए कर्मचारियों द्वारा एसओपी का सख्ती से पालन किया जाए। इससे पहले बरौनी रिफाइनरी, बीकेपीएल और मार्केटिंग इंस्टॉलेशन के प्रदर्शन और प्रणालियों पर विस्तृत प्रस्तुति देवराज अर्श सीटीएसएम, एन.के. पांडा सीजीएम (बीकेपीएल) तथा प्रभाकर कुमार जीएम (आरसी) द्वारा दी गई थी। जबकि कार्यपालक निदेशक और रिफाइनरी प्रमुख शुक्ला मिस्त्री ने बरौनी रिफाइनरी द्वारा 2021 में बीआर-9 विस्तार परियोजना, सीएसआर और सीईआर पहल सहित नवीनतम परियोजना अपडेट पर विचार-विमर्श किया। जिसमें श्री सिंह ने बीआर की विस्तार परियोजना में गहरी रुचि दिखाई और परियोजना टीम के साथ विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने कहा कि बरौनी सबसे दूरस्थ हैं, फिर भी आपके पास रिफाइनरी के भीतर सभी प्रणालियां अच्छी तरह से स्थापित हैं और यह बहुत प्रशंसनीय है। उन्होंने वरिष्ठ प्रबंधन को दूसरों के साथ सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने की सलाह दी तथा इस बात पर भी जोर दिया कि एक निगम के रूप में हम पूरी ईमानदारी के साथ अपने हितधारकों के लिए मूल्यों का सृजन कर रहे हैं। इसलिए यह सुनिश्चित करने के लिए हर समय सतर्क रहने और छोटे-छोटे कार्यों पर भी ध्यान देने की जरूरत है। अनंत कुमार सिंह ने बरौनी रिफाइनरी बीएक्सपी कंट्रोल रूम का दौरा किया और शॉपफ्लोर ऑपरेटरों के साथ बातचीत की। उन्होंने एवीयू-IV और ग्रिड पावर प्रोजेक्ट सहित परियोजना स्थलों का भी दौरा किया तथा बीआर-9 विस्तार परियोजना की एवीयू-IV इकाई में प्रथम पाइप निर्माण का उद्घाटन किया। रिफाइनरी इकोलोजिकल पार्क के दौरा के दौरान श्री सिंह ने पार्क में पौधारोपण किया तथा आसपास के दुर्लभ प्रजातियों के पेड़ और औषधीय पौधों की विविधता को संरक्षित करने के लिए बरौनी रिफाइनरी के प्रयासों की सराहना की।
