अब सिर्फ अन्नदाता नहीं ऊर्जादाता होगा किसान: नितिन गडकरी

0

मेरठ, 23 दिसम्बर (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि अब किसान सिर्फ अन्नदाता नहीं, ऊर्जादाता होगा। भविष्य में 100 फीसदी पेट्रोल वाहन इथेनॉल से चलेंगे। अब मेरठ का भी विकास हो रहा है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे इसमें मील का पत्थर साबित होगा।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने गुरुवार को मेरठ में सुभारती विवि में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की 9431 करोड़ की जलागत से 375 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान 3332 करोड़ की लागत वाले 32 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के चौथे चरण का छह लेन निर्माण का लोकार्पण, 2701 करोड़ की लागत वाले 19 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के दूसरे चरण के 14 लेन निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। 726 करोड़ की लागत वाले 61 लिोमीटर लंबे ईपीई क्रॉसिंग-शामली खंड एनएच-709 बी पैकेज 01 के 05 लेन निर्माण का लोकार्पण किया गया। 992 करोड़ की लागत से 13 किलोमीटर लंबे मेरठ बाईपास एनएच-58 को मेरठ-नजीबाबाद एनएच-119 से जोड़ने वाले 04 लेन निर्माण का शिलान्यास किया गया। 568 करोड़ की लागत से 10 किलोमीटर लंबे नजीबाबाद शहर में 04 लेन बाईपास का निर्माण कार्य का शिलान्यास हुआ। मेरठ शहर में एनएच-235 के हापुड़ अड्डा से बिजली बम्बा चौराहे तक का 45 करोड़ की लागत से 04 किलोमीटर लंबे कार्य का शिलान्यास हुआ।

नितिन गडकरी ने कहा कि अब मेरठ का विकास हो रहा है। नमामि गंगे मंत्रालय में रहते हुए काली नदी के शुद्धिकरण के 682 करोड़ रुपए दिए थे। अगले पांच साल में उप्र को और परियोजना देंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी ने कहा था कि अमेरिका इसलिए धनवान है, क्योंकि रास्ते अच्छे हैं। ये रास्ते सुखी सम्पन्न बनाएंगे।

चौधरी चरण सिंह को किया याद

नितिन गडकरी ने मंच से पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद किया। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों और मजदूरों के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन किसानों के लिए समर्पित था।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि क्रांतिधरा मेरठ से 2014 और 2017 में ऐसी आंधी चली, जिसमें विपक्षी दल उड़ गए। सपा, बसपा और अन्य के गठनबंधन के बाद भी 2019 में भाजपा की लहर चली थी। 2014 में अब मेरठ ने कमल नहीं खिलाया होता तो प्रदेश बर्बाद हो गया होता। आगामी चुनावों में भाजपा 300 से अधिक सीट जीतकर सरकार बनाएगी। सपा के पास कोई मुद्दा नहीं है।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, वीके सिंह और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गाजियाबाद के चिपियाना में रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। डासना में इंटेजिलेंट ट्रैफिक सिस्टम कंट्रोल रूम का लोकार्पण किया। डीएमई से आते हुए तीनों मंत्रियों ने मेरठ में काशी टोल प्लाजा पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रीडर से टोल वसूली व कंट्रोल रूम का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश राणा, अशोक कटारिया, कपिल देव अग्रवाल, अतुल गर्ग, दिनेश खटीक, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, डॉ. सत्यपाल सिंह, डॉ. महेश शर्मा, कांता कर्दम, विजयपाल सिंह तोमर, प्रदीप चौधरी आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *