विजय संकल्प यात्रा में पहुंची बबीता फोगाट, मांगा भाजपा के लिए समर्थन

0

हरिद्वार, 22 दिसंबर (हि.स.)। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा कोई भी कसर नहीं छोड़ रही है। भाजपा की विजय संकल्प यात्रा में अंतरराष्ट्रीय पहलवान बबीता फोगाट शामिल हुईं। विजय संकल्प यात्रा में बबीता फोगाट ने भाजपा को एक और मौका देने की वकालत की। उन्होंने कहा भाजपा ने सभी वर्गों के लिए काम किया है। ऐसे में जनता को उन्हें सरकार बनाने का एक मौका और देना चाहिए।

भाजपा की विजय संकल्प यात्रा रानीपुर से ज्वालापुर होते हुए हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के लालढांग पहुंची। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर जनसभाओं को वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप की ब्रांज मेडल विजेता बबीता फोगाट ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार के रहते देश और प्रदेश में संपूर्ण विकास हुआ है। सड़क, बिजली, पानी के साथ ही भाजपा ने हर व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है।

बबीता फोगाट ने कहा कि महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। ऐसी सरकार को एक और मौका दिया जाना चाहिए। ताकि भारत का नाम दुनिया के हर क्षेत्र में अग्रिम पंक्ति में हो। जिस तरह से लोगों में उत्साह है, उसे देखकर साफ साबित हो रहा है कि एक बार फिर उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बनेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *