सड़क निर्माण के लिए महिलाओं ने सड़क पर लगाया जाम

0

शहर के सभी मार्गों पर लगी रही वाहनों की लंबी कतारें

गुमला, 22 दिसंबर (हि.स.)। जेल मोड़ से कांसिर वाया बांसडीह सड़क की जर्जर स्थिति से परेशान दूरदराज से पहुंचे सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने शहर के व्यस्तम पटेल चौक पर 12 बजे सड़क पर जाम लगा दिया। इसकी वजह से गुमला-जशपुर मार्ग, गुमला-रांची मार्ग, गुमला-सिमडेगा मार्ग व गुमला लोहरदगा मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों व वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

करीब तीन घंटे तक चले इस सड़क पर जाम को हटाने के लिए अधिकारी महिलाओं को मनाने में लगे रहे। गुमला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष चंद्र लाल व एसआई विमल कुमार को महिलाओं को मनाने में काफी मेहनत करनी पड़ी। जाम का नेतृत्व झारखंड प्रदेश प्रतिज्ञा महिला एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष देवकी देवी कर रही थी। महिलाओं का कहना था कि कई साल से जर्जर सड़क की वजह से परेशानी झेल रहे हैं। कुछेक घंटे के लिए यहां सड़क पर जाम हुआ तो शहर के लोग परेशान हो गये। हमारे दुख-दर्द का अंदाजा लगाएं।

गुमला एसडीओ ने भी 20 दिसंबर तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था। मगर 20 से निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो 22 दिसंबर को हम लोग सड़क पर जाम लगाकर अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचा रहें है। अंतत: अधिकारियों द्वारा जल्द सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिये जाने पर तीन घंटे बाद जाम हटा लिया गया।

इसमें सोमारी देवी, जैनी कुमारी, प्रमिला उरांव, रेशमा कुमारी, बोलो उरांव, दीपु उरांव आदि प्रमुख लोग मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *