बाड़मेर से दिल्ली रवाना हुए बॉर्डर रोड्स के दस राइडर्स, दो हजार किलोमीटर दूरी तय करेंगे

0

जयपुर, 22 दिसम्बर (हि.स.)। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) मोटरसाइकिल अभियान के सातवें चरण को बुधवार को बाड़मेर कलेक्टर लोकबंधु ने बाड़मेर से झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बॉर्डर रोड्स के कुल 10 राइडर्स हिस्सा ले रहे हैं। यहां से बीकानेर, अमृतसर, फिरोजपुर से गुजरेंगे और अंत में 25 दिसंबर 2021 को दिल्ली में अभियान का समापन करेंगे। राइडर्स तीन दिनों की अवधि के भीतर लगभग 2000 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।

यह रैली भारत पेट्रोलियम और हीरो मोटोकॉर्प के सहयोग से स्वतंत्र भारत के 75 वें वर्ष के अवसर पर मनाए जा रहे ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत आयोजित की जा रही है। रैली को हरी झंडी दिखाते हुए जिला कलेक्टर लोकबंधु ने सवारों को सत्रह हजार किलोमीटर सुरक्षित रूप से दूरी कवर करने के लिए बधाई दी और राष्ट्रीय राजधानी तक उनकी आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। अभियान के सवारों ने शहर के छात्रों, युवाओं और एनसीसी कैडेटों से जुडऩे के लिए सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, बाड़मेर और जलिपा छावनी के केन्द्रीय विद्यालय का दौरा किया और सीमा सड़क संगठन की उपलब्धियों, वीरता और बलिदान पर प्रकाश डाला। अभियान द्वारा लगाए गए प्रभाव युवाओं को बीआरओ में करियर की संभावनाओं को समझाकर विशिष्ट सीमा सड़क संगठन में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। अभियान ने बाड़मेर के मुर्तला गाला गांव में चिकित्सा शिविर का भी आयोजन कियाए जहां सैकड़ों ग्रामीणों ने चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *