सांसद खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन, युवा खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

0

खेल में स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट की भावना पैदा करें : जिलाधिकारी

वाराणसी, 21 दिसम्बर (हि.स.)। सिगरा स्थित सम्पूर्णानंद खेल स्टेडियम में मंगलवार को सांसद खेल स्पर्धा 2021 का भव्य आगाज हुआ। 27 दिसम्बर तक चलने वाले इस स्पर्धा में विभिन्न विद्यालयों के कुल 1633 बालक-बालिकाओं ने पंजीकरण कराया है। जो विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे।

प्रतियोगिता का शुभारम्भ पिंडरा भाजपा विधायक डॉ अवधेश सिंह एवं जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने संयुक्त रूप से 100 मीटर दौड़ के लिए हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि विधायक अवधेश सिंह ने बच्चों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि मैं भी एक खिलाड़ी रहा हूं, काशी विद्यापीठ में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भाग लेता था। उन्होंने बच्चों से कहा कि खेल की भावना अपने मन में विकसित करें। खिलाड़ी कभी परास्त नहीं होता, खेल शरीर के साथ-साथ मन को भी स्वस्थ्य रखता है। कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि सिगरा स्टेडियम का 350 करोड़ रुपए की लागत से विकास किया जायेगा। यह स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनेगा और सुविधायें भी बढ़ेंगी।

प्रतियोगिता शुरू होने के साथ जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने युवा खिलाड़ियों का जमकर उत्साह वर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल में स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट की भावना पैदा करें। इससे विकास, उत्थान के रास्ते खुलते हैं। उन्होंने प्रशांति सिंह और ललित उपाध्याय का उदाहरण भी दिया। इसके पश्चात् उन्होंने मतदाता जागरूकता के लिए सभी को शपथ भी दिलाई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *