असम में कांग्रेस को झटका, विधायक शशिकांत दास भाजपा में होंगे शामिल

0

गुवाहाटी, 20 दिसम्बर (हि.स.)। असम में कांग्रेस को लगातार झटका लग रहा है। उसके विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो रहे हैं। सोमवार को उसके एक और विधायक शशिकांत दास ने कांग्रेस को छोड़ने का ऐलान कर दिया। पिछले दिनों कांग्रेस के दो विधायक रूपज्योति कुर्मी और शुशांत बुढ़ागोहाईं भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। अब दास भी भाजपा में शामिल होंगे।

शशिकांत नगांव जिले की रोहा सीट से विधायक हैं। दास ने कहा है कि वह विधानसभा के पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र के पहले दिन से ही सरकार के पक्ष में रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता ने शशिकांत दास को असमिया गमछा पहनाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के सामने शशिकांत ने कसम खाई-‘मैं सरकार के पक्ष में रहूंगा।’

शशिकांत दास के भाजपा में शामिल होने के संदर्भ में मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि दो चरणों में विधायक हमारे साथ आएंगे। पहले वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। अब वह सरकार के पक्ष में होंगे। शशिकांत दास की सत्ता पक्ष के साथ रहने की दिलचस्पी का स्वागत है। आने वाले दिनों में और भी विधायक भाजपा में आएंगे। कई विधायक उनके संपर्क में हैं।

मुख्यमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि विधानसभा में हमारी गैलरी छोटी है। अगर विधानसभा अध्यक्ष गैलरी को बड़ा करते हैं तो शेष विधायक भी आ जाएंगे।” शशिकांत दास के भाजपा में शामिल होने के संकेतों पर नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया ने कहा- “यह लोकतंत्र के लिए खतरा है। हमें मीडिया के जरिए पता चला है कि शशिकांत दास भाजपा में जा रहे हैं। शशिकांत दास को डर और प्रलोभन देकर भाजपा में ले जाया गया है।”

उन्होंने कहा कि शशिकांत के जाने से कांग्रेस खत्म नहीं होगी। सैकिया ने कहा कि भाजपा संविधान को उल्टा लिखना चाहती है, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *