वीर ग्राम प्रणाम यात्रा के तहत कांग्रेस ने दी शहीद लक्ष्मण बिष्ट को श्रद्धांजलि

0

गोपेश्वर, 20 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तराखंड के वीर शहीदों को याद कर उन्हें सम्मान दिये जाने के लिए कांग्रेस की ओर से उत्तराखंड में वीर ग्राम प्रणाम यात्रा चलायी जा रही है। इसके तहत सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के ग्राम देवर में एक बैठक कर गांव के सीमा सुरक्षा बल के एसआई लक्ष्मण सिंह बिष्ट को याद करते हुए उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये।

देवर खडोरा में आयोजित कार्यक्रम में एसआई लक्ष्मण सिंह बिष्ट की धर्मपत्नी फागुनी देवी को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ब्लाॅक अध्यक्ष आनंद सिंह पंवार ने कहा कि शहीद सैनिकों का सम्मान कांग्रेस पार्टी का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के नेताओं ने देश की आजादी से लेकर देश को मजबूत बनाने के लिए अपना सर्वस्व बलिदान दिया हो वही पार्टी शहीदों के बलिदान को समझ सकती है।

इस अवसर पर जिला महामंत्री हरेंद्र सिंह राणा, बदरीनाथ विधानसभा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष योगेंद्र बिष्ट, मुकुल बिष्ट, हयात सिंह नेगी, मनवर सराई, अनीता रावत, अनुसूया पंवार आदि शामिल थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *