वंशवादी नेता नहीं कर सकते देश का विकास : मुख्यमंत्री योगी

0

जौनपुर, 20 दिसम्बर (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि परिवार और वंशवाद की राजनीति करने वालों ने यूपी को बदहाल कर दिया था। ऐसी राजनीति करने वाले भारत को विकास नहीं कर सकते।

मुख्यमंत्री मछली शहर के फौजदार इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। सभा में केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 1538 करोड़ रुपये की लागत से तीन राष्ट्रीय राजमार्ग (86 किमी) एवं 348 अन्य विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किया। सभा में केन्द्रीय मंत्री का स्वागत कर मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेकर कहा कि पिछली सरकार सरकारी खजाने में डकैती डाल शासन की योजनाओं को सिर्फ अपने चहेतों को दिया करती थी। गरीब व किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहते थे। जब भी कोई नौकरी निकलती थी, तो पूरा खानदान निकल पड़ता था। लेकिन भाजपा सरकार में आज गरीबों व पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। भाजपा सरकार ने पांच साल में ईमानदारी के साथ पांच लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी।

उन्होंने कहा कि राज्य में एक तरफ बुलडोजर सड़क पर चलता है, दूसरी तरफ माफियाराज पर चलाया जा रहा है। सड़क बनाने के साथ ही गुंडों और माफिया की छाती को भी रौंदा जाएगा। मुख्यमंत्री ने जनसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि भारत की दुनिया में मजबूत छवि उभर रही है। भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनने की ओर अग्रसर है। आज भारत का पुरी दुनिया के अंदर सम्मान बढ़ा है। छोटी सोच के लोग बड़ा काम नहीं कर सकते। पिछली सरकार के लोगों की सोच संकुचित और छोटी थी। विकास कैसे होना चाहिए, इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी ने कर दिखाया है। हमें 2022 में नया उत्तर प्रदेश बनाना है। हम समस्या को समस्या नहीं बनने देना चाहते। हम समस्या के समाधान करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कोविड वैक्सीन का विरोध कर रहे थे उनका ही विरोध कर देना है। वे जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। गरीब को बचाने का विरोध कर रहे थे। जनसभा के दौरान राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ,मछली शहर सांसद बीपी सरोज, बीजेपी जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह ,शहरी आवास विकास राज्यमंत्री गिरीश चंद यादव ,मड़ियाहूं विधायक लीना तिवारी, जफराबाद विधायक हरेंद्र प्रताप सिंह, केराकत विधायक दिनेश चौधरी, बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, जिला महामंत्री सुरेंद्र सिंघानिया, अमित श्रीवास्तव, सहित दर्जनों भाजपा के नेता व पूर्व विधायक मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *