जौनपुर में बोले नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री योगी ने उप्र को विकास की राह पर लाकर खड़ा किया

0

केन्द्रीय मंत्री ने 1538 करोड़ की परियोजनाओं का दिया सौगात

जौनपुर, 20 दिसम्बर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को एक नई पहचान दिलवाई है। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को विकास की राह पर लाकर खड़ा करने का काम किया है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सोमवार को मछली शहर के फौजदार इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 1538 करोड़ रुपये की लागत से तीन राष्ट्रीय राजमार्ग (86 किमी) एवं 348 अन्य विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किया।

सभा को सम्बाोधित करते हुए नितिन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वंशवाद और परिवारवाद की पार्टी नहीं है। भाजपा तो कार्यकर्ताओं और देशभक्तों की पार्टी है। केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि फिर से एक बार डबल इंजन की सरकार बना दें, मैं पांच लाख करोड़ के काम और कराऊंगा। मैं ऐसा केन्द्रीय मंत्री हूं, जिसके पास ऐसा विभाग है जिसके पास पैसे की कोई कमी नहीं। देश में निरंतर विकास कार्य जारी रहेंगे। सड़कों का जाल बिछने के साथ ही किसान अन्नदाता के साथ ही ऊर्जादाता भी बनेगा।

मुख्यमंत्री योगी पर भरोसा जताइये, फिर यूपी की सड़कें यूरोपियन स्टैंडर्ड ही नहीं बल्कि अमेरिका जैसी होंगी। मैं झूठ नहीं बोलता, करके दिखाऊंगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि योगी ने यूपी से गुंडाराज को उखाड़ फेंका है। माफियाराज को बुलडोजर के नीचे दबा दिया है। अगर रामराज्य की परिकल्पना की जाए, तो आज यूपी में उसका सपना साकार होता दिख रहा है। आज पूरा देश योगी आदित्यनाथ को इस बात के लिए याद करता है कि उन्होंने यूपी को माफियाओं से मुक्ति दिलाकर, यूपी को विकास की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *