मप्र : मुख्यमंत्री शिवराज ने मिशन समर्पण संस्था के प्रतिनिधियों के साथ किया पौधरोपण

0

– स्मार्ट उद्यान में रोपा पीपल और सप्तपर्णी का पौधा

भोपाल, 20 दिसम्बर (हि.स.) । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को राजधानी भोपाल के स्मार्ट उद्यान में मिशन समर्पण संस्था के राकेश नागर, आकांक्षा राठौर, शुभम राय और कक्षा-6 के विद्यार्थी रूद्रप्रताप सिंह के साथ पौधरोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने पीपल और सप्तपर्णी का पौधा लगाया।

मुख्यमंत्री चौहान पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण की गतिविधियों में सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहे व्यक्तियों के साथ पौधरोपण करते हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर कहा कि भोपाल के स्मार्ट पार्क में मिशन समर्पण संस्था के प्रतिनिधियों और कक्षा-6 के विद्यार्थी के साथ पीपल और सप्तपर्णी का पौधा लगाया। धरती की सेवा, हम सबका कर्तव्य है। आइये, हम सब इसमें योगदान दें।

मुख्यमंत्री चौहान ने आगे कहा कि मिशन समर्पण संस्था वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में सक्रिय है। शिक्षित और कौशल युक्त प्रदेश के निर्माण एवं जरूरतमंदों की सेवा का संस्था का प्रयास सराहनीय है। मैं संस्था के उद्देश्यों की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रदान करता हूं।

संस्था का परिचय
मुख्यमंत्री चौहान ने संस्था के पदाधिकारियों से गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। संस्था पिछले डेढ़ साल से वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में सक्रिय है। शिक्षित और कौशल युक्त प्रदेश के निर्माण के लिए गतिविधियों के संचालन के साथ ही कोरोना संक्रमित नागरिकों का सहयोग और नकारात्मकता से प्रभावित व्यक्तियों को भावनात्मक समर्थन एवं सहयोग देने के लिए विशेष कार्य किया।

पीपल और सप्तपर्णी का महत्व

पीपल एक छायादार वृक्ष है। यह पर्यावरण शुद्ध करता है। इसका धार्मिक और आयुर्वेदिक महत्व है। प्रकृति विज्ञान के अनुसार पीपल का वृक्ष दिन-रात दोनों समय ऑक्सीजन छोड़ता है, जो हमारे पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण है। इसके अलावा पीपल के पेड़ को अक्षय वृक्ष भी कहा जाता है क्योंकि ये पेड़ कभी भी पत्तेविहीन नहीं होता। सप्तपर्णी का पौधा एक सदाबहार औषधीय वृक्ष है, जिसका आयुर्वेद में बहुत महत्व है। इस औषधीय पौधे का उपयोग विभिन्न दवाओं के निर्माण में किया जाता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *