जीएसटी बढ़ाकर भाजपा सरकार व्यापारी व आम आदमी की तोड़ रही कमर : सपा

0

– जीएसटी बढ़ाने के विरोध में किया प्रदर्शन, उप मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन

कानपुर, 20 दिसम्बर (हि.स.)। भाजपा सरकार में जो भी निर्णय लिए जा रहे हैं उससे आम आदमी की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। सरकार ने अब कपड़े, जूते, चप्पल और ईंट आदि में जीएसटी पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत कर दिया है। इससे व्यापारी की तो कमर टूटेगी ही साथ ही आम जनता भी परेशान हो जाएगी। आम जनता अपने घरों का निर्माण कराने के लिए सौ बार सोंचेगा तो वहीं कपड़ा, जूता और चप्पल खरीदने में उसको जेब ढीली करनी पड़ेगी। यह बातें सोमवार को उप मंडलायुक्त राजाराम को ज्ञापन सौंपते हुए समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश महासचिव अभिमन्यु गुप्ता ने कही।

कपड़े, जूते, चप्पल और ईंट आदि पर नये साल जीएसटी बढ़ाने के भाजपा सरकार के निर्णय के विरोध में सोमवार को समाजवादी व्यापार सभा से जुड़े व्यापारियों ने प्रदेश महासचिव अभिमन्यु गुप्ता के नेतृत्व में मंडलायुक्त कार्यालय में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम संबोधित ज्ञापन उप मंडलायुक्त राजाराम को दिया। समाजवादी व्यापार सभा ने राष्ट्रहित व छोटे व्यापारियों के हित में कपड़े, ईंट व फुटवियर पर टैक्स बढ़ोत्तरी के निर्णय को वापस लेने व जीएसटी सरलीकरण की मांग करी। अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार में नोटबन्दी, जीएसटी, लॉकडाउन से पहले ही व्यापारी बर्बाद हो चुके हैं और आत्महत्या को मजबूर हैं और ऐसे में राहत देने की जगह भाजपा की सरकार जीवनयापन के लिए सबसे अहम कपड़े, ईंट व फुटवियर (जूतों,चप्पल आदि) पर टैक्स पांच की जगह 12 प्रतिशत बढ़ाकर इस व्यापार से जुड़े दुकानदारों, उद्यमियों व भट्टा मालिकों को मौत की शैया पर धकेलने का काम कर रही है। इससे देश विदेश की चुनिंदा बड़ी कंपनियां फायदे में रहेंगी जबकि छोटे व मध्यम वर्गीय व्यापारी व दुकानदार बर्बाद होंगे। इससे महंगाई बढ़ेगी और लोग घर बनाने के लिए परेशान हो जाएंगे। छोटे व मध्यम वर्गीय व्यापारी के अलावा किसान, छात्र व मजदूर भी भुक्तभोगी होंगे। इस निर्णय की वजह से इस क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों में भयंकर आक्रोश है। इस दौरान कृपा शंकर त्रिवेदी, हरप्रीत भटिया लवली, विनय कुमार, जीतेन्द्र जायसवाल, दीपा यादव, मनोज चौरसिया, राजेंद्र कनौजिया, अमित पाण्डेय, दीपू श्रीवास्तव, आजाद खान, सोनू वर्मा, विवेक कुमार आदि मौजूद रहें।
कानपुर में प्रभावित होगा तीन हजार करोड़ का व्याापर
अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि अकेले कानपुर मण्डल में 3000 करोड़ का व्यापार प्रभावित होगा। सैकड़ों यूनिटें बंद हो जाएंगी। ये भाजपा सरकार की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। प्रदेश महासचिव ने कहा कि कपड़े, जूते, ईंट व चप्पल को भाजपा की सरकार मर्सिडीज गाड़ी की तरह नहीं देख सकती। भाजपा सरकार को कोई सरोकार व्यापारी व जनता की कठिनाई को लेकर नहीं है। जीएसटी की दर बढ़ाने का कोई औचित्य नहीं है और मांग रखी गई कि सरकार इस निर्णय को वापस ले।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *