अखिलेश के बाद प्रियंका भी हनुमानजी की शरण में, शक्ति संवाद के लिए पहुंची रायबरेली

0

रायबरेली, 19 दिसंबर (हि.स.)। चुनावी मौसम में नेता मंदिर मंदिर जा रहे हैं और कार्यक्रमों की शुरुआत मंदिरों में मत्था टेकने के बाद ही कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी रायबरेली में महिलाओं से शक्ति संवाद से पहले चूरुवा बॉर्डर पर हनुमान जी की शरण में पहुंची और पूजन-अर्चन किया। इससे पहले शुक्रवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इसी मंदिर में पूजन के बाद दौरे का शुभारंभ किया था। प्रियंका गांधी तीन महीने बाद आज फिर मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर हैं।

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी शनिवार को भाई राहुल गांधी के साथ अमेठी में भाजपा भगाओ-महंगाई हटाओ पदयात्रा में शामिल हुई थीं। इसके बाद उन्हें अमेठी से सीधे रायबरेली स्थित भुएमऊ गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करना था लेकिन प्रियंका अमेठी से राहुल के साथ लखनऊ लौट गई थीं। आज सुबह वो सड़क मार्ग से लखनऊ से रायबरेली पहुंची हैं।

प्रियंका गांधी ने चूरुवा के हनुमान मंदिर में मत्था टेका और अब वो रायबरेली में महिला शक्ति संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ता उनका स्वागत कर रहे हैं। कांग्रेस का महिलाओं को अपने साथ जोड़ने के अभियान का स्लोगन ”लड़की हूं लड़ सकती हूं” के नारे भी इस दौरान कार्यकर्ता खूब लगा रहे हैं और जोश के साथ अपने नेता का स्वागत कर रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *