महंगाई के मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है सरकार : अमिता भूषण

0

बेगूसराय, 18 दिसंबर (हि.स.)। बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमिता भूषण ने कहा है कि केंद्र सरकार के गलत आर्थिक नीतियों और पूंजीवादी ताकतों के हित में लिये जा रहे सरकारी निर्णयों का नतीजा आज कमरतोड़ मंहगाई के रूप में देश की जनता को त्राहिमाम करने को मजबूर कर रही है।

मंहगाई के खिलाफ बेेगूसराय में आयोजित पदयात्रा कार्यक्रम में अमिता भूषण ने कहा कि मंहगाई की मार का सर्वाधिक असर गृहणियों को झेलना पड़ रहा है, जिनकी रसोई इस त्रासदी को झेल रही है, आम आदमी का जीना मुहाल है। सरकार के पास इससे निबटने की रणनीति नहीं है, बल्कि वो इस मुद्दे को लगातार भटकाने का प्रयास कर रही है। रजौड़ा चौक से हरदिया दुर्गा स्थान तक आयोजित पदयात्रा का नेतृत्व करते हुए जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में आमजन सर्वोपरि होता है। लेकिन यह सरकार आमजन को निचोड़कर कुछ खास पूंजीपतियों का हित साध रही है। जबकि कांग्रेस पार्टी आमजनों के हित में हमेशा खड़ी रही है। आज जब महंगाई ने आमलोगों का जीना मुहाल कर रखा है तो कांग्रेस पार्टी जनहित में सरकार के इस रवैये के खिलाफ सड़क पर उतरने को मजबूर है।

पदयात्रा में बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के पूर्व अध्यक्ष रामानंद सिंह, कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, जिला परिषद सदस्य अमित कुमार, पूर्व प्रखंड कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीकांत राय, जीनेदपुर मुखिया सरोज कुमार, कैथ मुखिया कृष्ण कुमार पोद्दार, युवा कांग्रेस नेता कुमार रत्नेश टुल्लू, पैक्स अध्यक्ष रामप्रकाश यादव, राघव कुमार एवं डॉ. अजीत कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *