हेलीकॉप्टर क्रैश में शहीद ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का अंतिम संस्कार भोपाल में होगा

0

भोपाल, 15 दिसंबर (हि.स.)। कुन्नूर हेलिकाप्टर हादसे के एक हफ्ते बाद बुधवार को जान गंवाने वाले ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार को भोपाल में किया जाएगा। दुर्घटना के सात दिन बाद आज सुबह बेंगलुरु के बेस अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह गुरुवार दोपहर वायु सेना के विमान से भोपाल आएगी। इसी दुर्घटना में सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत 13 लोगों का उसी दिन निधन हो गया था।

इस संबंध में भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की पार्थिव देह गुरुवार शाम वायुसेना के विशेष विमान से भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेगी। शुक्रवार को उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। उनके परिवार के लोग गृह क्षेत्र देवरिया से भोपाल के लिए निकल चुके हैं।

कैप्टन के निधन से भोपाल में भी शोक की लहर है। उनके पिता रिटायर्ड कर्नल केपी सिंह पत्नी उमा सिंह के साथ भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित सन सिटी कॉलोनी में रहते हैं। करीब 20 साल पहले वरुण सिंह का परिवार भोपाल आ गया था। वरुण सिंह पत्नी और दो बच्चों के साथ वेलिंग्टन में रहते थे। उनके छोटे भाई तनुज नौसेना में लेफ्टिनेंट कमांडर हैं। वर्तमान में उनकी मां उन्हीं के साथ रह रही थीं।

कालोनी रहवासी समिति के अध्यक्ष डीएस गुरुदत्त के अनुसार वरुण भी अक्सर भोपाल आते-जाते थे। उनके पड़ोसी अनिल मूलचंदानी उन्हें याद करते हुए कहते हैं कि वरुण सिंह को जब भी छुट्टी मिलती थी, वे भोपाल चले आते थे। भोपाल शहर उन्हें काफी पसंद था। कालोनी के रहवासियों के अनुसार वह दो माह पूर्व भोपाल आए थे। वरुण को अदम्य साहस के लिए 15 अगस्त को ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शौर्य सम्मान प्रदान किया था। इसी के बाद उनका कालोनी में सम्मान किया गया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *