भोपाल: इंदौर फिर बना सबसे स्वच्छ शहर, प्रदेश के खाते में 35 अवार्ड

0

भोपाल, 20 नवंबर (हि.स.)। स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 के परिणामों के अनुसार इंदौर शहर को एक बार फिर देश में पहला स्थान मिला है। वहीं, प्रदेश को कुल 35 अवार्ड मिले हैं। इंदौर शहर की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने ट्वीट कर बधाई दी है।

स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 में मध्यप्रदेश का इंदौर शहर पांचवी बार फिर सिरमौर बना है। वर्ष 2017 से इंदौर देशभर में नंबर-1 पर आ रहा है। सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में भी इंदौर अव्वल रहा। इसमें 12 करोड़ रुपए का पुरस्कार मिला। वहीं, प्रदेश के कई शहरों ने अच्छी रैंकिंग पाई है। मध्यप्रदेश को कुल 35 अवार्ड मिलेंगे। दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति डॉ. रामनाथ कोविंद की मौजूदगी में विजेता शहरों और प्रदेशों को सम्मानित किया जा रहा है। राष्ट्रपति कोविंद ने नंबर-1 पर रहे इंदौर को अवार्ड दिया। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मंच पर मौजूद हैं। इंदौर का अवार्ड लेने के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, इंदौर सांसद शंकर लालवानी, विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह, इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह, इंदौर निगमायुक्त प्रतिभा पाल आदि दिल्ली पहुंचे थे।

प्रदेश के इन शहरों ने भी हासिल की उपलब्धि

सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में इंदौर, भोपाल और देवास ने राष्ट्रीय पुरस्कारों की श्रेणी में अपना स्थान बनाया है। इसमें इन्हें अच्छी पोजिशन मिली है। स्टार रेटिंग में इंदौर, भोपाल, उज्जैन, देवास, होशंगाबाद, ग्वालियर, सिंगरौली, मूंदी, बुरहानपुर, राजगढ़ और धार समेत 25 शहरों ने दावा किया था। इनमें कई शहर आगे रहे हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 में प्रदेश को कुल 27 सम्मान मिले थे। इस बार कुल 35 अवार्ड मिल रहे हैं। इनमें से 21 अवार्ड विज्ञान भवन में चल रहे राष्ट्रीय कार्यक्रम में मिल रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *