गंभीर किस्म बीमारी जूझ रही सृष्टि के इलाज के लिए 16 करोड़ के इंजेक्शन की स्वीकृति

0

रायपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। अत्यंत गंभीर किस्म की बीमारी स्पाइनल मस्कूलर एट्रोफी टाइप-2 से जूझ रही एसईसीएल के कोरबा स्थित दीपका क्षेत्र में ओवरमैन सतीश कुमार रवि की बेटी सृष्टि (23 माह) के इलाज का रास्ता साफ हो गया है। एसईसीएल कर्मी की बेटी को बचाने के लिए कोल इंडिया ने 16 करोड़ रुपये के इंजेक्शन लगाने की स्वीकृति दे दी है।

सृष्टि का दिल्ली के एम्स में उपचार चल रहा है। इसके इलाज के लिए सिर्फ अमेरिका द्वारा अनुमोदित एक इंजेक्शन है। इस इंजेक्शन के प्रभाव और सुरक्षा के संबंध में पर्याप्त आंकड़े नहीं हैं। इस इंजेक्शन को भारत सरकार के अनुमोदन की भी प्रतीक्षा है। इसके लिए इंजेक्शन की कीमत आड़े आ रही थी। कई प्रयासों के बावजूद एसईसीएल कर्मी का परिवार और स्वयंसेवी संगठन जरूरी धनराशि इकट्ठा नहीं कर पा रहे थे।

इस पर एसईसीएल प्रबंधन को इलाज में मदद के लिए पत्र लिखा गया। एसईसीएल ने पहल करते हुए कोल इंडिया से इस संबंध में अनुमति मांगी। एसईसीएल के प्रस्ताव पर कोल इंडिया के चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल ने बुधवार को स्वीकृति प्रदान कर दी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *