19 नवंबर इतिहास के पन्नों में

0

जब अंतरिक्ष में पहुंची भारत की बेटीः पिता चाहते थे बेटी डॉक्टर बने या टीचर लेकिन बचपन से वह अंतरिक्ष में अपनी मौजूदगी की कल्पना किया करती थी। बेटी के इस असाधारण ख़्वाब को मां ने मजबूती दी। जिसका असर ऐसा हुआ कि उसने सपने की उड़ान को हकीकत में बदल कर दिखाया। 19 नवंबर 1997 को भारतीय अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री और अंतरिक्ष शटल मिशन विशेषज्ञ कल्पना चावला ने अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी। इसके साथ ही कल्पना चावला भारत में जन्मी पहली महिला बन गयीं जिसने अंतरिक्ष में उड़ान भरी।

17 मार्च 1962 को हरियाणा के करनाल में पैदा हुई कल्पना चावला की शुरुआती शिक्षा करनाल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई चंडीगढ़ में हुई। उड़ान में उनकी दिलचस्पी जेआरडी टाटा से प्रभावित होने की वजह से हुई जो मशहूर उद्योगपति के साथ-साथ विमान चालन में भी कुशल थे। 1982 में कल्पना अमेरिकी गईं जहां उन्होंने टेक्सास विवि और कोलोराडो विवि में पढ़ाई की। हवाई जहाज, ग्लाइडरों व व्यावसायिक विमान चालन में दक्षता हासिल कर अंतरिक्ष यात्री बनने से पहले कल्पना चावला नासा की वैज्ञानिक थीं।

मार्च 1995 में वे नासा के अंतरिक्ष यात्री कोर में शामिल हुईं। उनका अंतरिक्ष मिशन 19 नवंबर 1997 को छह अंतरिक्ष यात्री दल के हिस्से के रूप में अंतरिक्ष शटल कोलंबिया की उड़ान एसटीएस-87 से शुरू हुआ। अपने पहले मिशन में 1.04 करोड़ किमी का सफर तय कर 365 घंटे में पृथ्वी की 252 परिक्रमाएं कीं। दूसरी अंतरिक्ष यात्रा उनका आखिरी सफर साबित हुआ। 1 फरवरी 2003 को कोलंबिया अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा में प्रवेश करते ही टूटकर बिखर गया। इसमें सवार कल्पना चावला सहित सातों अंतरिक्ष यात्री दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह गए। इसके साथ ही भारत की इस महान बेटी के शब्द अमर हो गए- ‘मैं अंतरिक्ष के लिए ही बनीं हूं। प्रत्येक पल अंतरिक्ष के लिए ही बिताया और इसके साथ ही मरूंगी।’

अन्य अहम घटनाएं:

1835: वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई का जन्म।

1838: ब्रह्म समाज के संस्थापकों में शामिल व समाज सुधारक केशवचंद्र सेन का जन्म।

1875: जाने-माने पुरातत्ववेत्ता रामकृष्ण देवदत्त भंडारकर का जन्म।

1917: भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म।

1923: सुप्रसिद्ध संगीतकार सलिल चौधरी का जन्म।

1928: विश्व प्रसिद्ध पहलवान व अभिनेता दारा सिंह का जन्म।

1951: फिल्म अभिनेत्री जीनत अमान का जन्म।

1971: भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू का जन्म।

2020: संथाली भाषा के विद्वान पद्मश्री से सम्मानित दिगंबर हांसदा का निधन।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *