शोएब अख्तर ने बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और अजहरुद्दीन से की मुलाकात

0

दुबई, 15 नवंबर (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को खेले गए आईसीसी टी-20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले के दौरान पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली और पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन से मुलाकात की।

शोएब अख्तर ने गांगुली और अजहर के साथ अपनी फोटो ट्वीट करते हुए लिखा, ”पुराने दोस्त और मैदान में प्रतिद्वंदी बीसीसीआई चेयरमैन सौरव गांगुली से मिलना शानदार रहा। साथ में महान क्रिकेटर अजहर भी फोटो में हैं।”

उल्लेखनीय है कि न्यूज़ीलैंड द्वारा दिये गए 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मिशेल मार्श (77) और डेविड वार्नर (53) के बेहतरीन अर्धशतकीय पारियों की बदौलत सात गेंदें शेष रहते 8 विकेट से जीत दर्ज कर अपना पहला टी20 विश्व कप खिताब हासिल किया। वार्नर को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

फाइनल मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 172 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान केन विलियमसन ने 48 गेंदों पर 85 रन की पारी खेली। उनके अलावा मार्टिन गुप्टिल ने 35 गेंदों पर 28 रन, डेरिल मिचेल ने 11 रन व ग्लेन फिलिप्स ने 18 रन बनाये। जेम्स नीशम 13 रन और टिम सीफर्ट 8 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा तीन विकेट और एडम ज़म्पा ने एक विकेट लिया।

जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 18.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। कप्तान एरोन फिंच पांच रन बनाकर ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद डेविड वार्नर और मिचेल मार्श ने पारी संभाली और दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों पर 92 रन की साझेदारी कर डाली। वार्नर 38 गेंदों पर 53 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद मार्श ने मैक्सवेल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 63 रन की नाबाद साझेदारी की और टीम को चैंपियन बनाया। मार्श 50 गेंदों पर 77 रन और मैक्सवेल 18 गेंदों पर 28 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से बोल्ट ने दो विकेट लिये।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *