मेरे पास अपनी खुशी का इजहार करने के लिये शब्द नहीं है : मिशेल मार्श

0

दुबई, 15 नवंबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी 20 विश्व कप के फाइनल में 77 रनों की बेहतरीन नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलने वाले मिशेल मार्श ने कहा कि उन्होंने फाइनल में अपना स्वाभाविक खेल दिखाया और अब उनके पास अपनी खुशी का इजहार करने के लिये शब्द नहीं है।

बता दें कि न्यूजीलैंड द्वारा दिये गए 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मिशेल मार्श (77) और डेविड वार्नर (53) के बेहतरीन अर्धशतकीय पारियों की बदौलत सात गेंदें शेष रहते 8 विकेट से जीत दर्ज कर अपना पहला टी20 विश्व कप खिताब हासिल किया। मार्श को उनकी बेहतरीन पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच के बाद मार्श ने कहा, ‘‘ मैं चाहता था कि इस मैच में अपनी मौजूदगी दर्ज कराऊं और ऐसा ही हुआ। मैने अपना स्वाभाविक खेल दिखाया और अब मेरे पास अपनी खुशी का इजहार करने के लिये शब्द नहीं है। ये छह सप्ताह यादगार रहा।’’

उन्होंने कहा ,‘‘वेस्टइंडीज में कोचिंग स्टाफ ने मुझसे कहा कि मैं टी20 विश्व कप में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करूंगा और मैने सहर्ष इसे स्वीकार किया। मैं कोचिंग स्टाफ का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया।’’

फाइनल मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 172 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान केन विलियमसन ने 48 गेंदों पर 85 रन की पारी खेली। उनके अलावा मार्टिन गुप्टिल ने 35 गेंदों पर 28 रन, डेरिल मिचेल ने 11 रन व ग्लेन फिलिप्स ने 18 रन बनाये। वहीं, जेम्स नीशम 13 रन और टिम सीफर्ट 8 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा तीन विकेट और एडम ज़म्पा ने एक विकेट लिया।

जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 18.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। कप्तान एरोन फिंच पांच रन बनाकर ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद डेविड वार्नर और मिचेल मार्श ने पारी संभाली और दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों पर 92 रन की साझेदारी कर डाली। वार्नर 38 गेंदों पर 53 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद मार्श ने मैक्सवेल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 63 रन की नाबाद साझेदारी की और टीम को चैंपियन बनाया। मार्श 50 गेंदों पर 77 रन और मैक्सवेल 18 गेंदों पर 28 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से बोल्ट ने दो विकेट लिए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *