उप्र में न सपा लड़ रही न बसपा : प्रियंका गांधी

0

यूपी चुनाव में कांग्रेस किसी से गठबंधन नहीं करेगी



बुलंदशहर, 14 नवम्बर (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस किसी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी। कांग्रेस पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी उतारेगी। वह रविवार को बुलंदशहर में प्रतिज्ञा यात्रा को संबोधित कर रही थी।

प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी में न सपा लड़ रही न बसपा लड़ रही। संकटकाल में कांग्रेस कार्यकर्ता ही सड़क पर उतरे। सपा बसपा के कार्यकर्ता कोरोनाकाल के दौरान गायब थे, जबकि कोरोनाकाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गरीबों की सेवा की।

उन्होंने कहा कि अब करो या मरो का समय है। आज देश में जनता से लूट हो रही है। महंगाई से जनता परेशान है। लखीमपुरखीरी में किस तरह से किसानों को कुचला गया। दलितों और महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल डीजल के दाम तेजी से बढ़ रहा है। 70 साल लगे पेट्रोल को 70 रूपये आने में। सात सालों में आज कहां पहुंच गया।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि हम 40 प्रतिशत सीट महिलाओं को देंगे और पार्टी को मजबूत करेंगे। हमको प्रदेश से महंगाई हटानी और अराजकता हटानी है। प्रियंका ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह हर घर तक पार्टी की प्रतिज्ञा पहुुुंचाएं। निष्ठा और ईमानदारी से सदस्य बनाएं। प्रत्येक कार्यकर्ता कम से कम 10 परिवारों को जोड़े और अपने घर पर पार्टी का झंडा लहरायें। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *