बिहार : देश की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा करने के आरोप में सेना का जवान गिरफ्तार

0

पटना, 14 नवंबर (हि.स.)। राजधानी पटना के खगौल थाना क्षेत्र से भारतीय सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया गया है। सेना के जवान को बिहार आतंक निरोधी दस्ता (एटीएस) ने गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि वो एक पाकिस्तानी महिला के संपर्क में था। उससे लगातार देश की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कर रहा था।

इस मामले में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और मिलिट्री इंटेलिजेंस को इनपुट मिली थी। इस पर बिहार एटीएस की टीम ने काम किया। कुछ और ठोस सबूत जुटाए। इसके बाद उस जवान को आज खगौल थाना क्षेत्र से स्थानीय पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार जवान नालंदा जिले के अस्थावां गांव निवासी गणेश कुमार है। सेना में वह मेडिकल कोर का जवान है। इसकी पोस्टिंग पुणे में थी।

गिरफ्तार सेना के जवान गणेश कुमार ने पूछताछ में बताया कि उसने पाकिस्तानी महिला रिया (बदला हुआ नाम) के साथ सूचना साझा की थी। पाकिस्तानी महिला ने पहचान बदलकर दो साल पहले इससे दोस्ती की थी। उस वक्त गणेश की पोस्टिंग राजस्थान के जोधपुर में थी। गणेश का दावा है कि पाकिस्तानी महिला ने खुद को नेवी के मेडिकल टीम का स्टाफ बताया था।

पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार सेना के जवान ने बताया कि उन दोनों की फोन पर अक्सर बातचीत होती थी। सेना से जुड़ी बहुत सी जानकारी उसने उसे बताई थी, जिसमें सेना के हॉस्पिटल किस तरह से काम करते हैं? उसकी कितनी यूनिट है। इसके बारे में गणेश ने पाकिस्तानी महिला को पूरी जानकारी दी थी। अब जांच एजेंसियां गणेश के मोबाइल फोन को खंगाल रही है। सोशल मीडिया नेटवर्क के जरिए की गई बातचीत और चैटिंग की डिटेल्स की पड़ताल की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *