बिहार: समस्तीपुर में जहरीली शराब से मौत का आंकड़ा पहुंचा आठ

0

आज एक और युवक की हुई मौत



पटना, 12 नवंबर (हि.स.)। बिहार में जहरीली शराब से मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। समस्तीपुर में शुक्रवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. जिसकी वजह जहरीली शराब बताई जा रही है। इसके बाद जिले में मौत का आंकड़ा आठ पहुंच गया है। एक अन्य की स्थिति गंभीर है। उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले जिले में सात लोगों की जहरीली शराब पीने से मौत हो चुकी है।

मृतक की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र के नरघोघी टोला खैरवन निवासी गांगो दास के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है। उसके साथी पंकज कुमार का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। उसके पिता गांगो दास ने कहा कि ‘छठ पूजा के संध्या अर्घ्य के दिन 10 नवंबर की शाम उसने अपने दोस्त पंकज व गंगा राम के साथ दारू पी थी। इसके बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई।’ घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की मौत के बाद अब तक पुलिस व प्रशासन के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश है।

उल्लेखनीय है कि पिछले 10 दिनों में जिले में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत हो गई है। पटोरी थाना क्षेत्र के रुपौली पंचायत में दिवाली से एक दिन पहले संदिग्ध हालत में चार लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह, आर्मी जवान मोहन कुमार, किसान श्यामनंदन चौधरी व मजदूर वीरचंद्र राय शामिल थे।

तारापुर धमौन में दो लोगों की मौत जहरीली शराब पीने से हो गई थी। मृतकों में रंजीत कुमार सिंह व धनंजय कुमार शामिल थे। इसके बाद दो दिन पूर्व पटोरी थाना क्षेत्र के सिंघिया चौर में घूमने गए पांच नाबालिग दोस्तों ने जहरीली शराब पी थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *