पंजाब: आप की महिला विधायक का पार्टी से इस्तीफा, तीन विधायक पहले ही छोड़ चुके पार्टी

0

चण्डीगढ़, 10 नवंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी की महिला विधायक रूपिन्द्र कौर रूबी ने पार्टी की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। अपने ट्वीट में रूबी ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब अध्यक्ष भगवंत मान को कहा है कि उन्हें सूचित कर रही हैं कि वे आम आदमी पार्टी की सदस्यता तत्काल प्रभाव से छोड़ रही हैं। उनका त्यागपत्र शीघ्र स्वीकार किया जाये।

वह पंजाब के बठिंडा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनी गई थीं। हाल ही में जब अरविंद केजरीवाल पंजाब के बठिंडा और मानसा दौरे पर आये थे तो रूबी नदारद थीं और तभी ऐसा माना जाने लगा था कि वे पार्टी छोड़ सकती हैं। महिला विधायक भगवंत मान की समर्थक मानी जाती हैं और अनेक बार मान के पक्ष में बयानबाजी कर चुकी हैं। हालांकि उन्होंने पार्टी छोड़ने की कोई खास वजह नहीं बताई परन्तु ऐसा माना जा रहा है कि वे पार्टी नेतृत्व से खफा थीं।

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले महिला विधायक का यह कदम पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। रूबी के ट्वीट पर सोशल मीडिया पर लोग तंज कस रहे हैं। रूबी के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं हैं।

पंजाब विधानसभा में आम आदमी पार्टी मुख्य विपक्षी पार्टी है। इस कार्यकाल में पार्टी से चार विधायक सुखपाल सिंह खैहरा, बलदेव सिंह, नाजर सिंह मानशाहीया और अमरजीत सिंह संदोया पहले ही पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं। हालांकि विधायक संदोया वापस आम आदमी पार्टी में दोबारा शामिल हो गये।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *