लोकसेवा के क्षेत्र में योगदान ने बिहार के रामविलास पासवान को मरणोपरांत दिलाया पद्मभूषण सम्मान

0

 दुलारी देवी, रामचंद्र मांझी और डॉ. दिलीप कुमार सिंह को भी पद्मश्री सम्मान



पटना, 09 नवंबर (हि.स.)। लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक, देश के बड़े नेताओं में शुमार रहे दिवंगत रामविलास पासवान को मरणोपरांत पद्मभूषण सम्मान से अलंकृत किया गया। राष्ट्रपति भवन में सोमवार की सुबह आयोजित समारोह के दौरान राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने जनसेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया।

रामविलास पासवान भारतीय राजनीति के प्रमुख नेताओं में से एक थे। वे लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार में केन्द्रीय मंत्री भी रहे। वे 16वीं लोकसभा में बिहार के हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे। वह नौ बार लोकसभा सदस्य तथा दो बार राज्यसभा के सदस्य भी रहे।

रामविलास पासवान का जन्म बिहार के खगरिया जिले के शाहरबन्नी गांव में हुआ। उन्होंने 1960 में राजकुमारी देवी से शादी की। पासवान ने 2014 में खुलासा किया कि लोकसभा नामांकन पत्रों को चुनौती देने के बाद उन्होंने 1981 में उन्हें तलाक दे दिया था। उनकी पहली पत्नी राजकुमारी से उषा और आशा दो बेटियां हैं। इसके बाद 1983 में अमृतसर से एक एयरहोस्टेस और पंजाबी हिन्दू रीना शर्मा से विवाह किया। उनके पास एक बेटा और बेटी है। उनके बेटे चिराग पासवान एक अभिनेता से राजनेता बने हैं।

राजनीतिक जीवन

रामविलास पासवान पिछले 32 वर्षों में 11 चुनाव लड़ चुके हैं और उनमें से नौ जीते। उन्होंने 17वीं लोकसभा में मोदी सरकार में एक बार फिर से उपभोक्ता मामलो के मंत्री पद की शपथ ली। पासवान के पास छह प्रधानमंत्रियों के साथ काम करने का अनूठा रिकॉर्ड भी है।

रामविलास पासवान जिन छह पीएम के साथ काम किया उनमें वी.पी.सिंह, एचडी देवेगौड़ा, इंद्र कुमार गुजराल, अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. मनमोहन सिंह और देश के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल हैं।केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का 74 साल की उम्र में आठ अक्टूबर 2020 को दिल्ली में निधन हो गया।

बिहार से तीन अन्य को भी पद्मश्री सम्मान

बिहार से अन्य तीन लोगों, कला के क्षेत्र में दुलारी देवी एवं रामचंद्र मांझी और चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. दिलीप कुमार सिंह को पद्मश्री सम्मान दिया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *