छत्तीसगढ़: सीआरपीएफ जवान ने साथियों को गोलियों से भूना, 4 जवानों की मौत, तीन घायल

0

घटना के शिकार जवानों में दो बिहार और एक प.बंगाल निवासी



रायपुर/सुकमा, 8 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुबह 3 बजे लिङ्गनपल्ली कैंप में केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) के जवान रितेश रंजन ने अपने साथियों पर एके-47 से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में 4 जवानों की मौत हो गई, जबकि 3 घायल हैं। घायल दो जवानों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।

राज्य के बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने घटना की पुष्टि की है। घायलों को चॉपर से रायपुर भेजा गया है। घटना के बाद आरोपित जवान को हिरासत में ले लिया गया है। इसी कैंप में 85वीं बटालियन के जवानों का भी कैंप है।

गोलीबारी में घायल हुए जवानों को कैंप से करीब 11 किमी दूर तेलंगाना स्थित भद्राचलम के अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान 3 जवानों ने दम तोड़ दिया, जबकि 2 अन्य की हालत गंभीर देख उन्हें चॉपर से रायपुर रेफर किया जा रहा है। आरोपित जवान का एक दिन पहले भी उसका साथी जवानों से विवाद हुआ था।

फायरिंग के शिकार हुए 2 जवान बिहार के रहने वाले थे, जबकि 1 पश्चिम बंगाल का निवासी था। चौथे जवान को लेकर अभी विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। मृतक जवानों में बिहार निवासी धनजी और राजमणि कुमार यादव व पश्चिम बंगाल निवासी राजीब मंडल के अलावा एक अन्य जवान धर्मेंद्र कुमार शामिल हैं। इनके अलावा जवान धर्मेंद्र कुमार सिंह, धर्मात्मा कुमार और मालया रंजन महाराणा गंभीर रूप से घायल हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *