कांग्रेस नेता राहुल और प्रियंका वाड्रा के बेहद करीबी पूर्व सांसद अल्लू मियां गिरफ्तार

0

लखनऊ, 24 अक्टूबर (हि. स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के बेहद करीब अमेठी से सांसद रहे अल्लू मियां को बीती रात लखनऊ की वजीरगंज पुलिस ने फन मॉल के पास से गिरफ्तार किया है।

भूमाफिया अल्लू मियां शनिवार को लखनऊ में प्रियंका वाड्रा की कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा में शामिल होने आया था जिसकी जानकारी होने पर लखनऊ पुलिस ने उसे धर दबोचा। उसके खिलाफ जमीन कब्जा करने, जालसाजी, रंगदारी मांगने समेत अन्य धाराओं में वजीरगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज है।

इंस्पेक्टर धनंजय पाण्डेय ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अल्लू मियां का पूरा नाम मोहम्मद रफीक उर्फ अल्लू मियां है। वह अमेठी के जगदीशपुर के निहालगढ़ के निवासी हैं और कांग्रेस से सांसद भी रह चुके हैं। बीते आठ मई को अल्लू मियां, उनकी पत्नी मेहरुनिशा और बेटे आदिल के खिलाफ कैसरबाग के कसाईबाड़ा में रहने वाले वैभव श्रीवास्तव ने मुकदमा दर्ज कराया था।

वैभव का आरोप है कि उन्होंने अगस्त 2019 में गोमतीनगर के विशालखंड में रहने वाली मंजू रावत से उनका खरगापुर स्थित प्लॉट खरीदा था। वैभव के साथ ही उस प्लॉट में मित्र माजिन खान भी पार्टनर थे। माजिन खान और वह प्लॉट पर अपार्टमेंट बनवा रहे थे। इस बीच अल्लू मियां के बेटे आदिल ने दावा किया कि यह प्लॉट तो उनका है। उसने फर्जी दस्तावेज के माध्यम से किसी से प्लॉट की रजिस्ट्री कराने का दावा किया। इस बात को लेकर विवाद हुआ था। प्लॉट छोड़ने के लिए उसने रुपयों की मांग की। मांग पूरी न होने पर धमकी दी, जिससे वैभव बहुत तनाव में था। उसने अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।

अधिकारियों के आदेश पर पूरे मामले की जांच एसीपी चौक आईपी सिंह ने की और पीड़ित द्वारा लगाये गए सभी आरोप सही पाए गए। इसके वैभव की तहरीर अल्लू उनकी पत्नी और बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। मुकदमा दर्ज होने के बाद से अल्लू मियां पांच माह से फरार चल रहे थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *