नेपाल में भारी बारिश से मरनेवालों की संख्या 101 हुई

0

काठमांडू, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल में भारी बारिश के कारण मरनेवालों की संख्या बढ़कर 101 हो गई है। साथ ही 41 लोगों का अभी तक पता नहीं लगा है।

नेपाल पुलिस की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार 60 लोगों की मौत प्रोविंस वन में हुई, जबकि सुदूर पश्चिम प्रांत में 31 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा 40 लोग घायल हुए हैं। इनमें से प्रोविंस वन में 19, कर्नाली में 04 और सुदूर पश्चिम प्रांत में 17 लोग घायल हुए हैं। कुल 41 लापता लोगों में से सुदूर पश्चिम प्रांत से 23 और प्रोविंस वन से 13 लोग हैं।

विभिन्न स्थानों पर आई बाढ़ के कारण दो हजार,232 घर जलमग्न हो गए हैं। नेपाल पुलिस के आंकड़ों के अनुसार भूस्खलन और बाढ़ के कारण एक हजार,177 लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। पुलिस के सीनियर सुपरिटेंडेंट बसंता बहादुर कुंवर ने बताया कि नेपाल पुलिस विस्थापित परिवारों और बाढ़ एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वालों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए विभिन्न एजेंसियों और स्थानीय सरकारों के साथ समन्वय कर रही है। नेपाल पुलिस के अधिकारी सड़कों पर पड़े पत्थरों को हटाने का काम भी कर रहे हैं, जिससे आवाजाही को फिर से बहाल किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि अक्टूबर के तीसरे हफ्ते में अचानक आई बारिश के कारण नेपाल में लोगों के जीवन पर बहुत विपरीत असर पड़ा है। कुछ किसानों की धान की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। इससे भारी नुकसान हुआ है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *