कामयाबीः सुअर की किडनी का मनुष्य के शरीर में प्रत्यारोपण

0

न्यूयार्क 21 अक्टूबर (हि. सं.)। किसी जानवर की किडनी का पहली बार मानव के शरीर में सफलता पूर्वक प्रत्यारोपण किया गया है। न्यूयार्क में एनवाईयू लैंगोन हेल्थ के डाक्टरों ने पिग (सुअर) के जीन में बदलाव कर उसकी किडनी को एक महिला में प्रत्यारोपित किया।

जानवरों से मनुष्यों में अंग प्रत्यारोपण की दिशा में इसे बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, डाक्टरों ने एक ब्रेन डेड महिला में सुअर की किडनी लगाई। महिला को वेंटिलेटर पर रखा गया है। परिवार के लोगों की अनुमति के बाद किडनी प्रत्यारोपण की प्रक्रिया को अंजाम दिया गया।

सुअर की किडनी में ग्लाइकेन नाम का एक शुगर मालीक्यूल होता है। इससे आशंका रहती है कि प्रत्यारोपण के तुरंत बाद मनुष्य की प्रतिरोधक क्षमता किडनी को खारिज कर दे। इससे बचने के लिए डाक्टरों ने सुअर के जीन में बदलाव कर दिया था। इसके बाद सुअर की किडनी को महिला के शरीर से जोड़ा गया। महिला के इम्यून सिस्टम ने उसे स्वीकार कर लिया और किडनी ने सामान्य तरीके से काम करना शुरू कर दिया। ट्रांसप्लांट सर्जन राबर्ट मोंटगोमरी ने कहा कि यह ऐसे मरीजों के लिए राहत की बात हो सकती है, जो किडनी प्रत्यारोपण का इंतजार कर रहे हैं। कोई अंगदाता मिलने तक इस तरह के प्रत्यारोपण से मरीज को अस्थायी राहत दी जा सकती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *