उप्र में डबल इंजन सरकार दोगुनी ताकत से स्थिति में कर रही है सुधार: प्रधानमंत्री मोदी

0

कुशीनगर/नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कुशीनगर में 280 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले राजकीय मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखने के साथ-साथ 180 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 12 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार दोगुनी ताकत से स्थिति में सुधार कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कुशीनगर स्थित बरवा फार्म में आयोजित एक सार्वजनिक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कुशीनगर में मेडिकल कॉलेज से डॉक्टर बनने और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा बुनियादी ढांचे की स्थानीय आकांक्षाएं पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तकनीकी शिक्षा को अपनी भाषा में प्राप्त करने की संभावना एक वास्तविकता बनती जा रही है। इससे कुशीनगर के स्थानीय युवा अपने सपनों को साकार कर सकेंगे।

मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि जब बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों तो बड़े सपने देखने का साहस और सपनों को पूरा करने की भावना पैदा होती है। उन्होंने कहा, “जो बेघर हैं, झुग्गी में हैं, जब उसको पक्का घर मिले। जब घर में शौचालय हो, बिजली का कनेक्शन हो, गैस का कनेक्शन हो, नल से जल आए तो गरीब का आत्मविश्वास और बढ़ जाता है।” प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार दोगुनी ताकत के साथ स्थिति में सुधार कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने राम मनोहर लोहिया का स्मरण कराते हुये उनकी विचारधारा वाली समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। इस क्रम में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले की सरकारों ने गरीबों की गरिमा और प्रगति की परवाह नहीं की। वंशवाद की राजनीति को तरजीह दी।

मोदी ने कहा, ‘यूपी के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि इन लोगों की पहचान समाजवादी की नहीं, परिवारवादी की बन गई है। इन लोगों ने सिर्फ अपने परिवार का भला किया, समाज और उत्तर प्रदेश का हित भूल गए।’ मोदी ने याद किया कि राम मनोहर लोहिया कहा करते थे कि कर्म को करुणा से जोड़ो, भरपूर करुणा से जोड़ो। लेकिन जो पहले सरकार चला रहे थे, उन्होंने गरीब के दर्द की परवाह नहीं की। पहले की सरकार ने अपने कर्म को घोटालों से जोड़ा, अपराधों से जोड़ा।

जनसभा को संबोधित करते हुये प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने स्वामीत्व योजना शुरू की है जो भविष्य में उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में समृद्धि के नए द्वार खोलने जा रही है। पीएम स्वामित्व योजना के तहत गांव के घरों के मालिकाना हक यानी मकानों के मालिकाना हक के दस्तावेज देने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि शौचालय और उज्ज्वला जैसी योजनाओं से बहन-बेटियां सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर रही हैं। पीएम आवास योजना में ज्यादातर घर महिलाओं के नाम होते हैं।

पूर्व के समय में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर टिप्पणी करते हुये प्रधानमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले वाली सरकार की नीति ने माफिया को खुली लूट की खुली छूट दी थी। आज योगी के नेतृत्व में माफिया माफी मांगने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं। योगी सरकार में माफियाओं को भी सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने टिप्पणी की कि उत्तर प्रदेश वह राज्य है, जिसने देश को सबसे अधिक प्रधानमंत्री दिये हैं। यह उत्तर प्रदेश की विशेषता है, लेकिन प्रदेश की पहचान को केवल इस दायरे में ही नहीं देखा जा सकता। उप्र को छह-सात दशकों तक ही सीमित नहीं रखा जा सकता। यह ऐसी धरती है, जिसका इतिहास कालातीत है, जिसका योगदान कालातीत है।

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि इस भूमि पर मर्यादा पुरुष भगवान राम ने अवतार लिया था, भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार लिया। जैन धर्म के 24 में 18 तीर्थंकर उत्तर प्रदेश में ही प्रकट हुये थे। मध्यकाल में तुलसीदास और कबीरदास जैसे युग नायक भी इसी धरती पर पैदा हुए थे। इस राज्य को संत रविदास जैसे समाज सुधारक को जन्म देने का सौभाग्य भी मिला है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक ऐसा क्षेत्र है जहां हर कदम पर तीर्थ हैं और हर कण में ऊर्जा है। यहां नैमिषारण्य में वेदों और पुराणों को लिखने का कार्य किया गया था। अवध क्षेत्र में अयोध्या जैसा तीर्थ है। हमारी गौरवशाली सिख गुरु परंपरा का उत्तर प्रदेश से भी गहरा संबंध है। आगरा में ‘गुरु का ताल’ गुरुद्वारा अभी भी गुरु तेग बहादुर की महिमा का गवाह है।

मोदी ने आगे कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों से खरीद में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। अब तक उपज की खरीद के लिए उप्र के किसानों के बैंक खातों में करीब 80 हजार करोड़ रुपये पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से प्रदेश के किसानों के बैंक खातों में 37,000 करोड़ रुपये से अधिक राशि जमा किये गये हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *