उत्तराखंड: अल्मोड़ा में मलबे में दबने और दीवार गिरने से तीन की मौत

0

आनंद सिंह की पत्नी को बचाया गया और आनंद का किया जा रहा रेस्क्यू

शहर में घर की दीवार गिरने से किशोरी दबी, मौत



अल्मोड़ा, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की भिकियासैंण तहसील के थाना भतरोजखान में मंगलवार तड़के एक मकान के ऊपर मलबा आने से इसमें एक दंपति और उनके पोती-पोता दब गए। इस हादसे में महिला को तो बचा लिया गया लेकिन पोता-पोती की मौत हो गई और घर के मुखिया को बचाने के लिए रेस्क्यू किया जा रहा है। जबकि अल्मोड़ा शहर में एक मकान की दीवार गिरने से एक किशोरी की दबने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार भिकियासैंण तहसील के थाना भतरोजखान में आज तड़के भूस्खलन के कारण आनंद सिंह नेगी मकान के ऊपर में पहाड़ी का मलबा आ गया। इसमें नेगी दंपति और उनकी पोती-पोता दब गए। आनंद सिंह की पत्नी को तो ग्रामीणों ने बचा लिया। जबकि पोती किरण और पोते तनुज को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया है। आनंद सिंह (62) अभी मलबे में दबे हुए हैं, उन्हें निकालने के लिए बचाव कार्य जारी हैं।

चौकी प्रभारी भिकियासैंण ओमप्रकाश नेगी अपनी टीम और राजस्व विभाग की टीम ग्रामीणों के साथ रेस्क्यू करने का प्रयास कर रही है।

दूसरी ओर अल्मोड़ा शहर में हीरा डूंगरी मोहल्ले में एक मकान की दीवार गिर गयी, जिससे एक किशोरी अरुमा सिंह पुत्री त्रिलोक सिंह मलबे में दब गई। पुलिस ने उसे रेस्क्यू कर बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उसे वहां पर मृत घोषित कर दिया। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने इसकी पुष्टि की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *