भारत पाकिस्तान मैच को लेकर फिर से विचार की जरूरत : गिरिराज सिंह

0

जोधपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने टी-20 वर्ल्ड कप में होने वाले भारत पाकिस्तान मैच पर एक तरह से अपनी असहमति दर्ज करवाई है। गिरिराज सिंह ने इसका विरोध करने के बजाय कहा है कि अगर संबंध सही नहीं हैं तो मैच पर भी विचार होना चाहिए।

गिरिराज सिंह ने रविवार को जोधपुर में पत्रकारों से कहा कि पाकिस्तान का आंतकी चेहरा दुनिया के सामने आ चुका है। इसका अंजाम भी पाकिस्तान को ही भुगतना पड़ेगा। सिंह ने भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच से जुड़े सवाल पर कहा कि जब संबंध अच्छे नहीं हों तो इस पर विचार होना चाहिए।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी हिंसा पर केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि लखीमपुर हिंसा पर सब बोलते हैं, नौटंकी करते हैं लेकिन कश्मीर में हिंदुओं पर चल रही गोलियों पर उनकी जुबान बंद रहती है। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रम की राजनीति फैलाने का आरोप लगाया।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की मां के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करने के लिए जोधपुर आए गिरिराज सिंह ने कहा कि राजस्थान में दलितों पर अत्याचार हो रहे हैं। मुख्यमंत्री घर में बैठे हैं। कांग्रेस का असली चेहरा सामने आ रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *