बांग्लादेश में एक और मंदिर पर हमला, विरोध में उतरे हिंदू
ढाका, 18 अक्टूबर (हि.स.)। बांग्लादेश में कई दिनों से जारी सांप्रदायिक हिंसा के बीच रविवार को वहां के एक और मंदिर में हमला कर तोड़फोड़ किया गया है।
मंदिरों पर लगातार हो रहे हमले और मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने के बढ़ते मामलों के बीच दुर्गा पूजा आयोजनों के दौरान अज्ञात मुस्लिम कट्टरपंथियों ने हिंदुओं के पूजा स्थलों में तोड़फोड़ की थी और हिंसा फैलाई थी। इन घटना के विरोध में हिंदू समुदाय ने देशभर में भूख हड़ताल करने की घोषणा की है।
बांग्लादेश में कई दुर्गा पूजा स्थलों पर हमले के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हमले के बाद ताजा झड़प हुई। ढाका से करीब 157 किलोमीटर दूर फेनी में हिंदुओं के मंदिर और दुकानों में शनिवार को तोड़फोड़ और लूटपाट की गई। झड़प में फेनी माडल पुलिस थाने के प्रभारी निजामुद्दीन समेत करीब 40 लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार शाम साढ़े चार बजे शुरू हुई झड़प देर रात तक चली। इस दौरान कई मंदिरों, हिंदुओं के व्यावसायिक परिसरों पर तोड़फोड़ की गई और लूटपाट भी हुई। इसके बाद शनिवार रात को अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बल बार्डर गार्ड बांग्लादेश को तैनात किया।
बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी शहर चटगांव में हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद ने दुर्गा पूजा समारोह के दौरान हुए हमलों के विरोध में 23 अक्टूबर से धरना और भूख हड़ताल की घोषणा की है। परिषद के महासचिव राणा दासगुप्ता ने चटगांव प्रेस क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि ढाका के शाहबाग और चटगांव के अंद्राकिला में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
बांग्लादेश पूजा उद्यापन परिषद ने तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाओं में लिप्त लोगों के लिए सख्त सजा की मांग की है। इसके अध्यक्ष मिलन कांति दत्ता ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों को नहीं मानेगी तो व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस्कान बांग्लादेश के महासचिव चारु चंद्र दास ब्रह्मचारी ने चेतावनी दी कि समुदाय चुपचाप बैठकर हमलों को होता नहीं देखेगा।
