दो महीने से भी कम समय में 4 करोड़ से अधिक श्रमिकों ने ई-श्रम पोर्टल पर कराया पंजीकरण

0

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। दो महीने से भी कम समय में 4 करोड़ से अधिक श्रमिकों ने ई – श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। यह जानकारी श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्विटर के माध्यम से दी। उन्होंने कहा कि पंजीकृत असंगठित श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल पाएगा।

श्रम मंत्रालय के अनुसार निर्माण, परिधान निर्माण, मछली पकड़ने, गिग और प्लेटफॉर्म वर्क, स्ट्रीट वेंडिंग, घरेलू काम, कृषि और संबद्ध, परिवहन क्षेत्र जैसे विविध व्यवसायों में श्रमिकों ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। इनमें से कुछ क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक हैं। प्रवासी श्रमिकों सहित सभी असंगठित श्रमिक अब ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के माध्यम से विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और रोजगार आधारित योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।

लाइव आंकड़ों के अनुसार पोर्टल पर 4.09 करोड़ श्रमिकों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से लगभग 50.02 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं और 49.98 प्रतिशत पुरुष हैं। सरकार का मानना है कि यह उत्साहजनक है कि पुरुषों और महिलाओं का समान अनुपात इस अभियान का हिस्सा रहा है।

नवीनतम राज्यवार आंकड़ों के अनुसार ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश सबसे अधिक पंजीकरण के साथ इस पहल में सबसे आगे हैं। छोटे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) में निश्चित रूप से पंजीकृत कर्मचारियों की संख्या कम है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *