बेहतर महसूस कर रहे हैं पेले, वीडियो संदेश में दी अपने स्वास्थ्य की जानकारी

0

साओ पाउलो, 15 अक्टूबर (हि.स.)। तीन बार फीफा विश्व कप विजेता पेले ने गुरुवार को कहा कि अब वह “बेहतर” महसूस कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अब फुटबॉल खेलने के लिए वापस आने का इंतजार नहीं कर सकते।

पेले का हाल के वर्षों में स्वास्थ्य काफी खराब रहा है और उन्होंने काफी समय अस्पताल में गुजारा है।

कोलन ट्यूमर की सर्जरी के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने के दो हफ्ते बाद 80 वर्षीय पेले ने कहा, “भगवान का शुक्र है, मैं बेहतर हूं, मैं रविवार को खेलने के लिए भी तैयार हूं।”

उन्होंने अपने दो बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रकाशित एक वीडियो संदेश में कहा, “गंभीरता से, हर चीज के लिए धन्यवाद, उन सभी को धन्यवाद जिन्होंने मुझे गले लगाया और मुझे ताकत दी।”

बता दें कि 31 अगस्त को, पेले को साओ पाउलो के अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल में चिकित्सा परीक्षण के लिए भर्ती कराया गया था, जिसमें एक ट्यूमर का पता चला था। तब उनके कोलन के दाहिनी ओर एक ट्यूमर को हटाने के लिए उनकी सफल सर्जरी की गई थी।

तीन बार के विश्व कप विजेता (1958, 1962, 1970) पेले ने ब्राजील के लिये 92 मैचों में 77 गोल किये हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *