जेफ बेजोस की कंपनी की दूसरी अंतरिक्ष उड़ान भी सफल, 90 साल के विलियम शेटनर अंतरिक्ष जाने वाले सबसे बुजुर्ग

0

सैन फ्रांसिस्को, 14 अक्टूबर (हि.स.)। अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन की अंतरिक्ष में दूसरी उड़ान भी सफल रही है। रॉकेट एनएस-18 की इस उड़ान में कनाडा के 90 साल के अभिनेता विलियम शेटनर भी गए थे। इसके साथ विलियम शेटनर अंतरिक्ष में जाने वाले सबसे अधिक उम्र यात्री बन गए हैं।

इस उड़ान में ब्लू ओरिजिन कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट आंद्रे पावर्स, प्लांट लैब के को-फाउंडर क्रिस बासहुईजेन और मेडिडेटा के को-फाउंडर ग्लेन डि व्रिस शामिल थे। यह यान भारतीय समयानुसार शाम को लगभग 7.30 बजे अंतरिक्ष के लिए रवाना हुआ। यह मिशन करीब 10 मिनट का रहा। इस दौरान रॉकेट की रफ्तार ध्वनि की रफ्तार से तीन गुना अधिक थी। यह रॉकेट पूरी तरह से ऑटोमेटिक था, यानी इसमें कोई पायलट नहीं था।

स्पेस से नीचे आते वक्त क्रू ने पैराशूट के सहारे टेक्सास के रेगिस्तानी इलाके में सुरक्षित लैंडिंग की। इस रॉकेट का नाम न्यू शेपर्ड अंतरिक्ष में जाने वाले पहले अमेरिकी एलन शेपर्ड नाम पर रखा गया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पृथ्वी से 100 किलोमीटर ऊपर अंतरिक्ष की सीमा मानी जाती है। इसे कारमन लाइन कहा जाता है। रॉकेट ने इस सीमा से आगे तक उड़ान भरी।

बता दें कि इससे पहले 20 जुलाई को, ब्लू ओरिजिन ने सफलतापूर्वक अपनी पहली मानव उड़ान भरी थी। इसमें जेफ बेजोस, उनके भाई मार्क बेजोस, सबसे कम उम्र में अंतरिक्ष में गए 18 साल के ओलिवर डेमन और 82 वर्षीय वैली फंक शामिल थे। तब फंक ने सबसे ज्यादा उम्र में अंतरिक्ष में जाकर इतिहास रचा था। अब यह उपलब्धि विलियम शेटनर के नाम है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *