इनटू वाइल्ड विथ बेयर ग्रिल्स के नये एपिसोड का ट्रेलर जारी, खतरों से खेलते नजर आये अजय देवगन

0

डिस्कवरी चैनल के मशहूर शो इनटू वाइल्ड विथ बेयर ग्रिल्स में जल्द ही फिल्म अभिनेता अजय देवगन नजर आने वाले हैं। मंगलवार को इस शो के नए एपिसोड का ट्रेलर जारी हो गया है, जिसमें अजय देवगन खतरों से खेलते नजर आ रहे हैं।

ट्रेलर में अजय काफी निडर नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह शार्क के बीच जीवित रहने के लिए हिंद महासागर में संघर्ष करते और एक निर्जन द्वीप तक पहुंचने के लिए ग्रिल्स की मदद करते नजर आए। ट्रेलर में अजय देवगन की आवाज का एक वॉइस ओवर है, जिसमें वह कहते हैं-‘धरती आकाश पानी। खेल तो खिलाड़ी खेलते हैं, मगर शेर दिलों के लिए … ये शेर दिलों का मंच है। वाइल्ड में कुछ भी हो सकता है। मजा आने वाला है । ये कोई खेल नहीं है ब्रो।’

अजय देवगन के इस वॉइस ओवर के बीच बेयर ग्रिल्स की आवाज को भी बीच -बीच में सुना जा सकता है । वहीं इस ट्रेलर में शो के होस्ट बेयर ग्रिल्स हिंदी शब्द का इस्तेमाल भी कर रहे हैं। ट्रेलर में बियर ग्रिल्स कहते हैं माय स्टेज, माय इलाका।

उल्लेखनीय है, इससे पहले साल 2019 में एक एपिसोड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कर चुके हैं। रजनीकांत और अक्षय कुमार के बाद अजय देवगन बॉलिवुड के तीसरे ऐसे अभिनेता हैं जो बेयर ग्रिल्स के शो में नजर आने वाले हैं। अजय देवगन ने इस शो की शूटिंग मालदीव में की है। अजय देवगन के साथ बेयर ग्रिल्स के इस शो इन टू द वाइल्ड का प्रीमियर 22 अक्टूबर को डिस्कवरी प्लस पर सुबह 6 बजे होगा जबकि डिस्कवरी चैनल पर 25 अक्टूबर रात 8 बजे यह एपिसोड प्रसारित किया जाएगा। फैंस अजय देवगन को इस शो में देखने के लिए काफी उत्साहित हैं।

अजय देवगन के वर्कफ़्रंट की बात करें तो वह जल्द ही फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी, आरआरआर , मैदान और मेडे जैसी फिल्मों में नजर आएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *