उम्मीद है हम आईपीएल 2021 के शेष मैचों में अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखेंगे : गिल

0

शारजाह, 12 अक्टूबर (हि.स.)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के शेष मैचों में अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखेगी।

गिल ने 18 गेंदों पर 29 रन की पारी खेली जिससे केकेआर ने सोमवार को एलिमिनेटर में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) को चार विकेट से हरा दिया।

मैच के बाद गिल ने कहा, “हमारे लिए बड़ी जीत! जब हम दूसरे चरण में आ रहे थे, तो कई लोगों ने हमारे प्लेऑफ में पहुंचने पर प्रश्न चिन्ह लगाए थे,लेकिन जिस तरह से सभी ने खेला है वह जबरदस्त है और उम्मीद है कि हम अच्छी फॉर्म जारी रखेंगे।”

उन्होंने कहा, “भारत में खेले गए पहले चरण में मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं था, लेकिन मुझे पता था कि मैं अच्छी बल्लेबाजी कर रहा था और बस पिच पर समय बिताने की बात थी, कोच के साथ यही बातचीत थी।”

बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के साथ अगले मुकाबले के बारे में गिल ने कहा, ” दिल्ली वास्तव में एक संतुलित टीम हैं जैसा कि हम इसे देखते हैं और उम्मीद है कि हमारे बीच एक रोमांचक मैच होगा। यहां हम जानते हैं कि इस विकेट से क्या उम्मीद की जाए और मुझे लगता है कि अभी हर कोई पिच के खेल और परिस्थितियों से समायोजित है।”

उन्होंने कहा, ” आरसीबी के खिलाफ पहला पावरप्ले पूरी तरह से हमारे खिलाफ था लेकिन जिस तरह से हमने वरुण और सनी [नरेन] के साथ बीच के ओवरों में गेंदबाजी की, वह जबरदस्त था, दोनों ने इस दौरान बेहतरीन गेंदबाजी की और महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए, जिससे उन पर दबाव बना।”

बता दें कि सुनील नरेन की चार विकेट और 26 रन की पारी की मदद से केकेआर ने सोमवार को यहां शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में आरसीबी को चार विकेट से हरा दिया। केकेआर का सामना अब बुधवार को क्वालिफायर 2 में दिल्ली कैपिटल्स से होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *