उपराष्ट्रपति ने डॉ गुलेरिया को उत्कृष्टता के लिए लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया

0

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने सोमवार को प्रख्यात पल्मोनोलॉजिस्ट और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया को उत्कृष्टता के लिए 22वां लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया।

उप-राष्ट्रपति निवास में आयोजित कार्यक्रम में नायडू ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके द्वारा निर्धारित सार्वजनिक जीवन में नैतिकता के अनुकरणीय मानक बेजोड़ हैं। नायडू ने सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

तकनीकी विफलता के कारण हुई रेल दुर्घटना के बाद नैतिक आधार पर इस्तीफा देने के प्रकरण को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री के इस कदम को आज भी हमारे देश में सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी के स्वर्ण मानक के रूप में देखा जाता है।

प्रतिष्ठित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित होने पर डॉ. रणदीप गुलेरिया को बधाई देते हुए नायडू ने कहा कि हाल के दिनों में महामारी के बारे में जागरुकता पैदा करने में डॉ रणदीप गुलेरिया की शानदार भूमिका न केवल हम सभी के लिए आश्वस्त करने वाली रही है, बल्कि हर उस व्यक्ति की घबराहट को शांत किया है, जिसने उनसे कई मंचों पर मुलाकात की, देखा या सुना है। उन्होंने कहा कि हम उनमें भारत के समर्पित योद्धाओं की समर्पित सेना के कमांडर-इन-चीफ को देखते हैं, जो निस्स्वार्थ भाव से कोविड-19 के खिलाफ अथक लड़ाई लड़ रहे हैं।

नायडू ने महामारी के दौरान देश भर के डॉक्टरों और नर्सों, तकनीशियनों, सुरक्षा कर्मियों, किसानों और सफाई कर्मियों सहित अन्य अग्रिम पंक्ति के योद्धाओं की निस्वार्थ सेवा के लिए प्रशंसा की।

नायडू ने कहा कि डॉ रणदीप गुलेरिया को उनके चुने हुए क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य के लिए व्यापक रूप से सम्मानित किया जाता है और उन्हें एक अत्यधिक कुशल और समर्पित अस्पताल प्रशासक के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने डॉ गुलेरिया की कर्तव्य के प्रति समर्पण और एम्स में पल्मोनरी मेडिसिन और नींद विकार विभाग के पोषण की सराहना की।

उपराष्ट्रपति ने इस देश के युवाओं के बीच लाल बहादुर शास्त्री की विरासत को फैलाने के लिए अनिल शास्त्री और लाल बहादुर शास्त्री प्रबंधन संस्थान की भी सराहना की।

इस अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री प्रबंधन संस्थान के अध्यक्ष अनिल शास्त्री, एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया, लाल बहादुर शास्त्री प्रबंधन संस्थान के निदेशक प्रवीण गुप्ता और अन्य लोग उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *