22वीं एशियन आर्चरी चैम्पियनशिप के लिए मप्र की मुस्कान का भारतीय टीम में चयन

0

भोपाल, 11 अक्टूबर (हि.स.)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आगामी 19 से 26 नवम्बर तक आयोजित 22वीं एशियन आर्चरी चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश राज्य आर्चरी अकादमी की खिलाड़ी मुस्कान किरार का चयन भारतीय कम्पाउण्ड टीम में हुआ है। मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ी मुस्कान किरार के अलावा पीएसपीबी की ज्योति सुरेखा, पीबी की प्रनीत कौर और राजस्थान की प्रिया गुर्जर का भी चयन भारतीय कम्पाउण्ड टीम में हुआ है।

प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने सोमवार को मुस्कान किरार के एशियन आर्चरी चैम्पियनशिप में भारतीय टीम में चयनित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

उल्लेखनीय है कि एशियन चैम्पियनशिप के लिए आयोजित चयन ट्रायल में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी के पांच खिलाड़ियों मुस्कान किरार, रागिनी मार्कों, सृष्टि सिंह, अमित यादव और सौरभ पाण्डे ने भागीदारी की थी। म.प्र. राज्य तीरंदाजी अकादमी के सभी खिलाड़ी तीरंदाजी अकादमी जबलपुर में मुख्य प्रशिक्षक रिचपाल सलारिया के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत है।

मुस्कान किरार की उपलब्धियां

मुस्कान किरार मूलतः जबलपुर की निवासी है। मुस्कान को वर्ष 2018 में राज्य शासन ने एकलव्य पुरस्कार तथा वर्ष 2019 में विक्रम पुरस्कार से सम्मानित किया था। मुस्कान किरार ने एशियन गेम्स 2018 में रजत पदक अर्जित किया था। एशियन आर्चरी चैम्पियनशिप बैंकाक थाईलैण्ड में टीम सिल्वर। वर्ल्ड चैम्पियनशिप नीदरलैण्ड में कांस्य पदक अर्जित किया था। मुस्कान अब तक 14 अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। इन प्रतियोगिताओं में मुस्कान ने एक स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य पदक सहित भारत को कुल 10 पदक दिलाए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *