रूस के तातारस्तान में विमान हादसाः 16 लोगों की मौत, 6 को बचाया गया

0

मास्को, 10 अक्टूबर (हि.स.)। रूस में रविवार सुबह करीब 9:23 बजे हुए एक विमान हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई और छह लोगों को बचा लिया गया। इस विमान में 23 लोग सवार थे, जिनमें 21 पैराशूट डाइवर्स थे। यह विमान रूस के तातारस्तान क्षेत्र के मेंजेलिंस्क में दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। मध्य रूस में स्काइडाइवरों को ले जा रहा यह विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चेक गणराज्य में निर्मित एल-410 विमान मास्को से लगभग 960 किलोमीटर (600 मील) पूर्व में मेन्ज़लिंस्क शहर के पास रविवार की सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

क्षेत्रीय गवर्नर ने कहा कि पायलटों ने बताया कि विमान 70 मीटर की ऊंचाई पर है और उनका बायां इंजन विफल हो गया था। पायलटों ने मेन्ज़ेलिंस्क शहर के पास एक आपातकालीन लैंडिंग का प्रयास किया था। उन्होंने रिहायशी क्षेत्र से विमान को दूर ले जाने का प्रयास किया था।

तातारस्तान के गवर्नर रुस्तम मिन्निखानोव ने कहा कि विमान के उतरते ही विमान का पंख एक वाहन से टकरा कर पलट गया। विमान में 21 पैराशूटिस्ट और चालक दल के दो सदस्य सवार थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि छह लोगों की हालत गंभीर है।

आपात स्थिति मंत्रालय ने कहा कि छह लोगों को मलबे से जीवित निकाला गया, जिनमें से कम से कम एक गंभीर रूप से घायल मिला। दुर्घटना के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने कहा कि इस हादसे में 16 लोग मारे गए हैं। मंत्रालय की ओर से जारी तस्वीरर में साफ नजर आ रहा है कि विमान दो टुकड़ों में बंट गया। बचे हुए छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से एक की हालत बेहद गंभीर है।

जानकारी के अनुसार यह विमान रूसी सेना और नौसेना की मदद करने वाले एक स्वयंसेवक समूह का था। यह संगठन खुद को खेल और रक्षा संगठन बताता है। इस साल पहले भी रूस में दो एल-140 विमान दुर्घटना के शिकार हो गए थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *