विदेशी पर्यटक 15 अक्टूबर से आ सकेंगे, वाणिज्य फ्लाइट से आने की अनुमति 15 नवम्बर के बाद

0

नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। गृह मंत्रालय ने चार्टर्ड उड़ानों के जरिए भारत आने वाले विदेशी लोगों को 15 अक्टूबर से नया पर्यटक वीजा देना शुरू करने का निर्णय लिया है। चार्टर्ड विमानों के अलावा अन्य उड़ानों से भारत में प्रवेश करने वाले विदेशी पर्यटकों को इसके लिए 15 नवम्बर तक का इंतजार करना होगा।

गृह मंत्रालय के अनुसार विभिन्न सुझावों पर गौर करने के बाद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा समय-समय पर अधिसूचित किए गए सभी कोविड-19 प्रोटोकॉल एवं मानदंडों का पालन विदेशी पर्यटकों, उन्हें भारत लाने वाले विमानों और लैंडिंग स्टेशनों पर उपस्थित अन्य लोगों को करना होगा। साथ ही कोविड-19 से जुड़ी वर्तमान समग्र स्थिति को देखते हुए वीजा एवं अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर लगाई गई पाबंदियों में और ढील दी गई है।

उल्लेखनीय है कि कोविड-19 महामारी के कारण विदेशी लोगों को दिए गए समस्त वीजा पिछले साल निलंबित कर दिए गए थे। यही नहीं, कोविड-19 महामारी को फैलने से रोकने के लिए केंद्र सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर कई अन्य पाबंदियां भी लगाई गई थीं। हालांकि, कोविड-19 की ताजा स्थिति पर विचार करने के बाद विदेशी लोगों को भारत में प्रवेश करने और ठहरने के लिए पर्यटक वीजा के अलावा किसी भी प्रकार के अन्य भारतीय वीजा को प्राप्त करने की अनुमति दी गई।

वहीं विदेशी पर्यटकों को भारत आने की अनुमति देने के लिए गृह मंत्रालय को कई राज्य सरकारों के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों की ओर से पर्यटक वीजा भी देना शुरू करने के लिए निरंतर ज्ञापन प्राप्त हो रहे थे। इसे ध्यान में रखते हुए गृह मंत्रालय ने सभी प्रमुख हितधारकों जैसे कि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, पर्यटन मंत्रालय और उन राज्य सरकारों से परामर्श किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *