रिलायंस रिटेल स्टोर7-इलेवन लॉन्च करेगी , अंधेरी ईस्ट में पहला स्टोर

0

आरआरवीएल का पहला 7-इलेवन स्टोर मुंबई के अंधेरी ईस्ट में



नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। देश के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) रिटेल सेक्टर में बड़ा दांव खेलने जा रही है। आरआईएल की सहयोगी कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) अमेरिका के दिग्गज स्टोर 7-इलेवन को भारत में लॉन्च करने जा रही है। आरआरवीएल का पहला 7-इलेवन स्टोर मुंबई के अंधेरी ईस्ट में नौ अक्टूबर को खोला जाएगा।

आरआईएल ने गुरुवार को कहा कि रिलायंस रिटेल ने भारत में ये स्टोर लॉन्च करने के लिए 7-इलेवन इंक के साथ एक मास्टर फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट किया है। आरआरवीएल अपना पहला 7-इलेवन स्टोर मुंबई के अंधेरी ईस्ट में नौ अक्टूबर को खोलेगी। इस स्टोर्स का मकसद खरीदारों को बेहतर सुविधा मुहैया कराना है। इसमें रोजमर्रा की जरूरतों के सामान के साथ स्नैक्स और खाने-पीने का तमाम अन्य सामान मिलेगा।

इसके पहले किशोर बियाणी की अगुवाई वाले फ्यूचर ग्रुप की कंपनी फ्यूचर रिटेल लिमिटेड ने दो दिन पहले बताया था कि उसने 7-इलेवन के साथ मास्टर फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट खत्म कर दिया है। इसके बाद आरआरवीएल का इस अमेरिकी कंपनी के साथ भारत में स्टोर खोलने का करार हुआ है। फ्यूचर रिटेल ने 7-इलेवन के साथ साल 2019 में एक मास्टर फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट किया था। हालांकि, वह एक भी स्टोर अब तक नहीं खोल सका।

उल्लेखनीय है कि आरआरवीएल आरआईएल की सहयोगी और ग्रुप की सभी रिटेल कंपनियों की होल्डिंग कंपनी है। इसका टर्नओवर 31 मार्च को खत्म हुए इस वित्त वर्ष में एक लाख,57 हजार,629 करोड़ रुपये रहा। वहीं, इस अमेरिकी कंपनी 7-इलेवन इंक के दुनियाभर के 18 देशों में 77 हजार से ज्यादा स्टोर हैं, जिनमें करीब 16 हजार स्टोर नॉर्थ अमेरिका में स्थित हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *