छत्तीसगढ़ और पंजाब सरकार लखीमपुर में मृतकों के परिवारों को देगी 50-50 लाख

0

दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने लखनऊ में की घोषणा

राहुल गांधी के साथ चरणजीत सिंह चन्नी और भूपेश बघेल जा रहे लखीमपुर खीरी



लखनऊ, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुए बवाल में मारे गए चार किसान समेत आठ लोगों के परिवारों को छत्तीसगढ़ और पंजाब की कांग्रेस सरकारों ने भी 50-50 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। उप्र सरकार ने पहले ही 45-45 लाख दे चुकी है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बुधवार को लखनऊ पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने यहां घोषणा की कि दोनों सरकारें हर मृतक के परिवार को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक मदद देंगी।

इसके बाद राहुल गांधी के साथ दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री हवाई अड्डे से लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गये। राज्य सरकार से अनुमति मिलने के बाद कांग्रेस नेता आज लखीमपुर खीरी जा रहे हैं।

इसी बीच सीतापुर जिला प्रशासन ने प्रियंका गांधी को भी रिहा कर दिया है। अब राहुल गांधी सीधे सीतापुर जा रहे हैं। वहां से प्रियंका गांधी को भी साथ लेकर सभी कांग्रेसी नेता लखीमपुर खीरी पहुंचेंगे और मृतक किसानों और पत्रकार के परिजनों से मुलाकात करेंगे।

गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जिले में रविवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के पैतृक गांव के पास हुए एक बवाल में चार किसान समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। इनमें भाजपा कार्यकर्ता और केंद्रीय मंत्री के बेटे के वाहन चालक की भी मौत हो गई थी। इस घटना में एक पत्रकार घायल हो गया था। इलाज के दौरान उनकी भी जान चली गई। इस मामले में केंद्रीय मंत्री के बेटे सहित कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है।

राज्य सरकार ने पूरी घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित की है और सभी मृतकों के परिजनों को 45-45 लाख की आर्थिक मदद के अलावा हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *