हॉकी इंडिया ने एफआईएच हॉकी स्टार्स अवार्ड्स विजेताओं को दी बधाई

0

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने बुधवार को एफआईएच हॉकी स्टार्स अवार्ड्स के सभी विजेताओं को बधाई दी, जिसकी घोषणा बुधवार को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने की।

मतदान आधारित वार्षिक पुरस्कारों में छह भारतीय हॉकी खिलाड़ी और दोनों भारतीय हॉकी टीमों (पुरुष और महिला) के कोच विभिन्न श्रेणियों के लिए नामांकित थे। यह पहली बार है जब भारत के सभी नामांकित व्यक्तियों ने अपनी-अपनी श्रेणियों में प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते हैं।

गुरजीत कौर ने जहां सर्वश्रेष्ठ महिला हॉकी खिलाड़ी का पुरस्कार जीता, वहीं हरमनप्रीत सिंह ने सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार जीता। इन दोनों के अलावा सविता ने सर्वश्रेष्ठ महिला गोलकीपर, पीआर श्रीजेश ने सर्वश्रेष्ठ पुरुष गोलकीपर का पुरस्कार जीता।

वहीं, शर्मिला देवी ने सर्वश्रेष्ठ महिला और विवेक प्रसाद ने सर्वश्रेष्ठ पुरुष राइजिंग स्टार का पुरस्कार जीता। इन सबके अलावा भारतीय महिला टीम के कोच, सजोर्ड मारिजने (महिला टीम कोच ऑफ द ईयर) और पुरुष टीम के कोच, ग्राहम रीड (पुरुष टीम कोच ऑफ द ईयर) चुने गए।

पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोमबम ने कहा, “यह भारतीय हॉकी के लिए एक महान क्षण है क्योंकि एफआईएच स्टार्स अवार्ड्स के लिए नामित हमारे सभी भारतीय उम्मीदवार विजेता घोषित हुए हैं। भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों द्वारा टोक्यो में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद, दुनिया भर से भारतीय प्रशंसकों का समर्थन मिल रहा है। हम उन सभी को धन्यवाद देते हैं जिन्होंने उम्मीदवारों को वोट देकर उनका समर्थन किया। यह हमारे लिए एक बड़ा क्षण है और ये पुरस्कार निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ियों को खेल को पेशेवर रूप से अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। मैं हॉकी इंडिया की ओर से सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देता हूं और उनके भविष्य के प्रयासों में सफलता की कामना करता हूं।”


प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *