अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट दीपा मलिक का बाबतपुर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत

0

पैरा ओलंपिक टोक्यो जापान में शानदार प्रदर्शन पर बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेकेंगी



वाराणसी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। टोक्यो पैरा ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने के बाद बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट दीपा मलिक बुधवार को वाराणसी पहुंची।

बाबतपुर एयरपोर्ट पर दीपा मेहता का स्वागत उत्तर प्रदेश दिव्यांग प्रकोष्ठ के संयोजक डॉक्टर उत्तम ओझा, काशियाना फाउंडेशन के अध्यक्ष सुमित सिंह एवं एयरपोर्ट की निदेशक आर्यमा सान्याल ने किया। दीपा मेहता सम्पूर्णानंद स्पोर्ट स्टेडियम में चल रहे दिव्यांगों के टी-20 नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में भाग लेगी।

एयरपोर्ट पर अपने सम्मान से अभिभूत पद्मश्री दीपा मलिक ने कहा कि मैं यहां बाबा का आशीर्वाद लेने आयी हूं । हमें पैरालंपिक में जो ऐतिहासिक विजय मिली है वो बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से ही संभव हुआ। बाबा से पुनः आशीर्वाद लेकर भारत के मान सम्मान को हम और आगे बढ़ाने का काम पैरा ओलंपिक के माध्यम से करेंगे। दीपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर दिव्यांग जनों के लिए भारत में हो रहे कार्यों की जमकर सराहना की।

उन्होंने कहा कि भारत में दिव्यांग जनों के हित के लिए जो कार्य हो रहा है सराहनीय है । दुनिया के किसी देश के दिव्यांग जनों के लिए इतना कार्य नहीं हुआ जितना भारत में हुआ है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना कर कहा कि मुख्यमंत्री ने दिव्यांगों के खेल के लिए बजट का निर्धारण किया है । ये काबिले तारीफ कदम है। इससे दिव्यांग प्रतिभाओं को अवसर मिलेगा तथा उन्हें राष्ट्र की मुख्यधारा में लाने में सहायता मिलेगी, उन्होंने वाराणसी में खोले जा रहे चिंतामणि दिव्यांग स्पोर्ट एकेडमी की सराहना की।

उन्होंने कहा कि स्पोर्ट एकेडमी की स्थापना एक बड़ा कदम है इससे भारत सहित पूर्वांचल के सभी जिलों के खेल दिव्यांग खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *