एफआईएच हॉकी स्टार्स पुरस्कार 2020-21 में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा

0

लुसाने, 6 अक्टूबर (हि.स.)। टोक्यो ओलंपिक में किए गए अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने एफआईएच हॉकी स्टार्स पुरस्कार 2020-21 में दबदबा बनाए रखा।

गुरजीत कौर ने जहां सर्वश्रेष्ठ महिला हॉकी खिलाड़ी का पुरस्कार जीता, वहीं हरमनप्रीत सिंह ने सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार जीता। इन दोनों के अलावा सविता ने सर्वश्रेष्ठ महिला गोलकीपर, पीआर श्रीजेश ने सर्वश्रेष्ठ पुरुष गोलकीपर का पुरस्कार जीता।

वहीं, शर्मिला देवी ने सर्वश्रेष्ठ महिला और विवेक प्रसाद ने सर्वश्रेष्ठ पुरुष राइजिंग स्टार का पुरस्कार जीता। इन सबके अलावा भारतीय महिला टीम के कोच, सजोर्ड मारिजने (महिला टीम कोच ऑफ द ईयर) और पुरुष टीम के कोच, ग्राहम रीड (पुरुष टीम कोच ऑफ द ईयर) चुने गए।

बता दें कि एफआईएच हॉकी स्टार्स पुरस्कार एक वोट पर आधारित पुरस्कार प्रणाली है, जिसमें राष्ट्रीय टीम के कप्तान, कोच, प्रशंसक, खिलाड़ी और मीडिया सभी इस प्रक्रिया में भाग लेते हैं। कप्तानों और कोचों के वोटों को 50 प्रतिशत, खिलाड़ियों और प्रशंसकों के वोट को 25 प्रतिशत और मीडिया के वोटों को 25 प्रतिशत का महत्व दिया जाता है।

एफआईएच हॉकी स्टार्स पुरस्कार 2020-21 पुरस्कारों के लिए नामांकन जनवरी 2020 से 2021 में टोक्यो ओलंपिक तक के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए तय किया गया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *